क्या यूपी में फिर से लगेगा लॉकडाउन, जानें क्या बोले स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह?
लखनऊ। देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और कोरोना की ये नई लहर डरा रही है। मामलों की संख्या में इजाफा देखते हुए कई राज्यों ने प्रमुख शहरों में लॉकडाउन या रात्रि लॉकडाउन लगाने की घोषणा कर दी है। एक तरफ व्यापक स्तर पर टीकाकरण अभिनयान चल रहा है, वहीं दूसरी तरफ मामलों में उछाल देखा जा रहा है। महाराष्ट्र में नागपुर में इसके बढ़ते मामलों को देखते हुए जहां लॉकडाउन लगाया गया है वहीं पंजाब के कुछ इलाकों में नाइट कर्फ्यू लगाने की घोषणा की जा चुकी है। इधर, यूपी में कोरोना कोरोना जांच की संख्या बढ़ाने पर फोकस है। उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन या नाइट कर्फ्यू लगाने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने कहा है अभी ऐसा कोई विचार नहीं है। उन्होंने कहा कि लगातार टारगेट टेस्टिंग पर ध्यान दिया जा रहा है। होली में बाहर से आने वाले लोगों की टेस्टिंग की जाएगी।

यूपी में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 228 नए मामले
उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 228 नए मामले सामने आए। सक्रिय मामलों की संख्या इस समय 1,912 है। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण से अब तक 8,750 लोगों की मृत्यु हुई है। कल प्रदेश में 1,00,329 सैंपल की जांच हुई है। अब तक कुल 3,29,48,378 सैंपल की जांच की जा चुकी है। प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में हम अब तक 30 लाख से ज्यादा कोरोना वायरस की डोज लगा चुके हैं। अगर आपकी उम्र 60 साल से ज्यादा है या फिर 45 से 60 साल के बीच है और कोई बीमारी से ग्रस्त है तो आप नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर अपना टीकाकरण करा सकते हैं।
एक दिन में सर्वाधिक टीकाकरण का रिकॉर्ड
उत्तर प्रदेश के सूचना निदेशक शिशिर (आईएएस) द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, एक दिन में तीन लाख से अधिक वैक्सीन लगाने वाला यूपी पहला राज्य है। किसी भी अन्य राज्य ने तीन लाख वैक्सीन लगाने का लक्ष्य पार नहीं किया है। वहीं, राज्य में अब तक 30 लाख से अधिक लोगों को कोरोना का टीका लग चुका है। यह दूसरी बार है जब यूपी में एक दिन में तीन लाख से ज्यादा टीके लगाए हैं। यूपी ने ने एक दिन में सर्वाधिक कोविड वैक्सीनेशन का रिकॉर्ड बनाया है।












Click it and Unblock the Notifications