अपहरण का आरोपी BJP में हुआ शामिल तो पूर्व IAS सूर्य प्रताप ने किया ट्वीट, कहा- बड़ा प्रभावशाली बायोडाटा हैं
अपहरण का आरोपी बीजेपी में हुआ शामिल तो पूर्व IAS सूर्य प्रताप सिंह ने किया ट्वीट, कहा- बड़ा प्रभावशाली बायोडाटा हैं
लखनऊ, 02 सितंबर: उत्तर प्रदेश के अंदर होने वाले विधानसभा चुनाव में अब ज्यादा वक्त नहीं रह गया है। ऐसे में सभी राजनीतिक पार्टियां अपनी ताकत बढ़ाने के लिए चुनावी तैयारियों में जुट गई है। इसी क्रम में संतकबीर नगर के युवा नेता वैभव चतुर्वेदी ने लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के समक्ष पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। वैभव चतुर्वेदी के भाजपा में शामिल होते ही सवाल भी खड़े हो गए हैं। दरअसल, वैभव पर जालसाजी, अपहरण और अवैध शराब तस्करी के आरोप हैं।

प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने वैभव चतुर्वेदी को 'समाजसेवी' बताया और कहा कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में काफी फायदा मिलेगा। वहीं, वैभव ने कहा कि भाजपा में शामिल होकर वह गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। वैभव चतुर्वेदी को लेकर अब पूर्व आईएएस सूर्य प्रताप सिंह ने भी ट्वीट किया है। पूर्व आईएएस सूर्य प्रताप सिंह ने लिखा, 'बड़ा प्रभावशाली बायोडाटा हैं। इनके गुणावगुण देखकर तो लग रहा है कि भाजपा में आगे तक जायेंगे।'
पूर्व आईएएस सूर्य प्रताप सिंह के ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर खूब कमेंट कर रहे हैं। हंसराज सिंह नाम क एक यूजर ने लिखा, 'इधर से अपराधी डालो और उधर से देशभक्त निकलेगा।' वहीं, संदीप नाम के एक यूजर ने लिखा, 'मोदी जी के मुकुट में एक और रत्न जड़ गया। इसमें आश्रर्य कैसा।' ब्रजेश कुमार सैन ने लिखा, 'आज के समय में जो जितना बड़ा अपराधी और समाज का शोषण करने वाले होगा, हमारी राजनैतिक पार्टियों की नजर में वह उतना ही बड़ा समाजसेवी होगा।'
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वैभव चतुर्वेदी को अवैध शराब के मामले में 10 जनवरी 2020 को संतकबीर नगर की खलीलाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद वह 17 जनवरी को बस्ती के जेल से रिहा हो गए थे। इसके अलावा उनपर कूटरचित अभिलेख तैयार करके प्रभा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज बिधियानी खलीलाबाद का रजिस्ट्रेशन कराए जाने का आरोप है। बीते साल 12 अप्रैल को उनके खिलाफ अपहरण का केस दर्ज हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications