UP: सीएम योगी का निर्देश- किसानों को 72 घंटे के अंदर उनकी उपज के मूल्य का भुगतान किया जाए
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने किसानों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए कहा कि खरीद केंद्रों पर धान की खरीद (Paddy Procurement) सुचारू रूप से जारी रहेगी। सीएम योगी ने एमएसपी के तहत धान खरीद में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, गेहूं खरीद (Wheat Procurement) की योजना को अमलीजामा पहनाते हुए कहा कि किसानों को उनकी फसल का भुगतान 72 घंटे में किया जाएगा। साथ ही फसलों के भुगतान को सुगम बनाने के लिए भी सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है।

सीएम योगी आदित्यनाथ लखनऊ में अपने सरकारी आवास पर उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने किसानों के हित में कई बड़े फैसले लिए। उन्होंने एक अप्रैल से गेहूं की खरीद शुरू करने पर भी अधिकारियों से चर्चा की। सीएम ने कहा कि गेहूं क्रय वर्ष 2021-22 के दौरान की जाने वाली खरीद कार्यवाही की सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाएं और किसानों को 72 घंटे के अंदर उनकी उपज के मूल्य का भुगतान किया जाए। मुख्यमंत्री योगी ने एक अप्रैल से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू करने के निर्देश दिए हैं। पिछले साल की तुलना में इस साल 50 रुपये का इजाफा करते हुए गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी ) 1,975 रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया है।
इसके अलावा सीएम योगी ने गेहूं भंडारण गोदाम और सभी क्रय केंद्रों की जियो टैगिंग कराने के भी निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों की तर्ज पर गेहूं किसानों के लिए भी ऑनलाईन पर्ची की सुविधा मुहैया कराई जाए, इससे किसानों को सुविधा होगी। उन्होंने गेहूं खरीद में ट्रांसपेरेसी पर जोर देते हुए कहा कि गेहूं खरीद केंद्रों पर ई-पॉप मशीनों के माध्यम से बायोमीट्रिक सत्यापन का इंतजाम होना चाहिए। योगी सरकार ने गेहूं खरीद के लिए 6 हजार क्रय केन्द्रों की व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जहां क्रय केंद्र बनाए जा रहे हैं उन जगहों का प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नई नीति तय करते समय ध्यान रखें कि ऐसी क्रय एजेंसियां जिनका रिकॉर्ड ठीक नहीं है, उन्हें काम न दिया जाए।












Click it and Unblock the Notifications