आज से 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को लगेगी वैक्सीन, जायजा लेने अवंतीबाई वैक्सीनेशन सेंटर पहुंचे सीएम योगी
यूपी में आज से 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को लगेगी वैक्सीन, जायजा लेने अवंतीबाई वैक्सीनेशन सेंटर पहुंचे सीएम योगी
लखनऊ, मई 01: उत्तर प्रदेश में आज से 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए वैक्सीन अभियान की शुरूआत हो गई है। वैकसीनेशन के लिए लोगों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। तो वहीं, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार (01 मई) को लखनऊ के अवंतीबाई वैक्सीनेशन सेंटर पहुंचे और जायजा लिया। इतना ही नहीं, वैक्सीन लगवाने वाले युवाओं से बातचीत कर उनका हालचाल लिया।

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार 1 मई से हमने 18 साल से अधिक उम्र के लोगों का वैक्सीनेशन शुरू किया है। पहले चरण में हमने उन 7 जनपदों को लिया है, जिनमें पॉजिटिविटी रेट और सक्रिय मामले सर्वाधिक हैं। इन 7 जनपदों में 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए अलग से 85 केंद्र बनाए हैं। सीएम ने बताया कि हमने सीधे कंपनियों से वैक्सीन खरीदी है।
बता दें कि पहले चरण में 9 हजार से अधिक सक्रिय केस वाले जिलों लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, बरेली और मेरठ में वैक्सीनेशन किया जा रहा है। वैक्सीनेशन के लिए जिन्होंने कोविन पोर्टल या आरोग्य सेतु एप पर पंजीकरण करा लिया है, उनके लिए शुक्रवार शाम से स्लॉट ओपन कर दिया गया था। तो वहीं, टीकाकरण प्रभारी डॉ अजय घई ने बताया कि 45 पार वाले लोगों का टीकाकरण पहले की तरह चलता रहेगा। पहले से बनाए गए बूथ चलते रहेंगे।
उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में अब तक 1,01,49,009 लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज़ लग चुकी है। इसमें से 22,33,929 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज़ लगी है। तो वहीं, अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने बताया कि प्रदेश सरकार प्रयास कर रही है कि हर जगह समय पर ऑक्सीजन पहुंचे। इसके लिए टीम-9 में एक विशेष टीम बनाई गई है जिसका कार्य ऑक्सीजन की उपलब्धता का ध्यान रखना और ट्रांसपोर्टेशन कराना है। कल प्रदेश में 620 मीट्रिक टन ऑक्सीजन सप्लाई की गई है।












Click it and Unblock the Notifications