यूपी चुनाव: बिल्सी भाजपा विधायक और प्रयागराज भाजपा के कद्दावर नेता सपा में शामिल
लखनऊ, 10 जनवरी। उत्तर प्रदेश में छोटे दलों के साथ चुनावी गठबंधन कर मैदान में उतरी सपा के मुखिया अखिलेश यादव अन्य दलों से आए नेताओं और विधायकों को लगातार पार्टी की सदस्यता दिला रहे हैं। बदायूं में बिल्सी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक राधा कृष्ण शर्मा ने सपा ज्वाइन की है। वहीं प्रयागराज के कद्दावर भाजपा नेता शशांक त्रिपाठी भी सपा में शामिल हो गए हैं। इन दोनों नेताओं के साथ अखिलेश यादव की तस्वीर को सपा ने ट्विटर हैंडल से पोस्ट किया है। दोनों नेताओं का पार्टी में सपा ने स्वागत किया है। ऐसे में जब चुनाव सामने है, टिकट की आस में दूसरी पार्टी के विधायक और नेता पाला बदल रहे हैं।

सोमवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हेड ऑफिस में भाजपा विधायक राधा कृष्ण शर्मा को पार्टी की सदस्यता दिलाई। विधायक राधा कृष्ण शर्मा 2017 के चुनाव में इस सीट पर बहुत कम अंतर से चुनाव जीते थे। बिल्सी सीट के विधायक के पार्टी में शामिल होने से कयास लगाए जा रहे हैं कि राधा कृष्ण शर्मा को सपा टिकट दे सकती है ताकि इस सीट पर फिर से कब्जा हो सके। बदायूं को समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता है।

सोमवार को ही सपा में प्रयागराज के भाजपा नेता शशांक त्रिपाठी शामिल हुए। शशांक त्रिपाठी पहले भी 2012 विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के टिकट पर प्रयागराज की उत्तरी सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। लेकिन उस चुनाव में वे हार गए थे। बाद में वे भाजपा में शामिल हो गए थे। अब टिकट की उम्मीद में सपा में उनकी फिर से वापसी हुई है। भाजपा विधायक राधा कृष्ण शर्मा और शशांक त्रिपाठी का सपा में शामिल होना भाजपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। प्रदेश में 10 फरवरी, 14 फरवरी, 20 फरवरी, 23 फरवरी, 27 फरवरी, 3 मार्च और 7 मार्च को मतदान होगा। 10 मार्च को मतगणना होगी जिसके बाद साफ हो जाएगा कि भाजपा फिर सत्ता में लौटेगी या फिर किसी और पार्टी की सरकार बनेगी।












Click it and Unblock the Notifications