आशु मलिक का आरोप, भाजपा के इशारे पर रामगोपाल ने लिखी मुलायम को चिट्ठी
आशु मलिक ने रामगोपाल यादव का नाम लिए बिना उनकी चिट्ठी का जिक्र करते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव को चिट्ठी भाजपा के इशारे पर लिखी गई है।
नई दिल्ली। कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव को मंत्रिमंडल से बाहर निकाले जाने के बाद समाजवादी कुनबे में मचा संग्राम अब सड़क पर आ गया है। इस बीच सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के करीबी पूर्व राज्यमंत्री और एमएलसी आशु मलिक ने बिना नाम लिए सपा सांसद रामगोपाल यादव पर हमला बोला है।

आशु मलिक ने रामगोपाल यादव का नाम लिए बिना उनकी चिट्ठी का जिक्र करते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव को चिट्ठी भाजपा के इशारे पर लिखी गई है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने चिट्ठी लिखी है उन्होंने भाजपा से मिलकर समाजवादी पार्टी को तोड़ने की घिनौनी साजिश रची है। उन्होंने कहा कि यह सारा खेल भाजपा के इशारे पर खेला जा रहा है।
इससे पहले मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने सरकारी आवास पर विधायकों के साथ बैठक की। बैठक में आने वाले विधायकों को मोबाइल फोन बाहर ही जमा करा लिया गया था। शिवपाल के अलावा, ओम प्रकाश, शादाब फातिमा और दर्जा प्राप्त मंत्री जयाप्रदा भी बर्खास्त हुई हैं। जानकारी के मुताबिक अखिलेश यादव ने कहा है कि जो भी अमर सिंह के साथ है उनको हटाया जाएगा। जिस व्यक्ति ने पार्टी में झगड़े पैदा किए उनको माफी नहीं दी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications