अखिलेश यादव को आशीर्वाद देने शादी में आए थे दिलीप कुमार, फोटो शेयर कर हुए भावुक
लखनऊ, 07 जुलाई: हिंदी सिनेमा के महान नायक और ट्रेजडी किंग दिलीप कुमार के निधन से बॉलीवुड से लेकर राजनीतिक जगत में शोक की लहर है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के मुख्यमंत्री रह चुके अखिलेश यादव भी दिलीप कुमार के निधन से दुखी हैं। अखिलेश यादव ने भावुक होकर उस दिल को याद किया है, जब दिलीप कुमार उनकी शादी में शामिल हुए थे। दिलीप कुमार ने अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल को आशीर्वाद भी दिया था।

अखिलेश ने कहा- मौत उन्हें कहीं नहीं ले जा सकती
अखिलेश यादव ने दिलीप कुमार के साथ फोटो शेयर करते लिखा, ''मौत उन्हें कहीं नहीं ले जा सकती और चाहने वालों की याद उन्हें कहीं जाने नहीं देगी। वो मुगल-ए-आजम का बगावती अंदाज, सलीम का अमर किरदार, आप कहीं नहीं जा सकते दिलीप साहब। श्रद्धांजलि!''

'आज पुरानी राहों से, कोई मुझे आवाज़ न दे'
अखिलेश यादव ने दिलीप कुमार पर फिल्माए गए एक गाने की लाइनें भी लिखी हैं। उन्होंने लिखा, ''आज पुरानी राहों से, कोई मुझे आवाज़ न दे, आज नई मंज़िल है मेरी, कल के ठिकाने भूल चुका।'' बता दें, हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार का बुधवार की सुबह निधन हो गया है। दिलीप कुमार ने 98 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। वह लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे। दिलीप कुमार ने आज सुबह 7.30 बजे मुंबई के खार हिंदुजा अस्पताल में दुनिया को अलविदा कहा। दिलीप कुमार के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है।

पत्नी सायरा बानो ने दो दिन पहले किया था ये ट्वीट
बता दें, दो दिन पहले ही दिलीप कुमार की पत्नी और अभिनेत्री सायरा बानो ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक नोट साझा किया था, जिसमें उन्होंने लोगों को प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद कहा था, उन्होंने लिखा था, ''मेरे पति, मेरे कोहिनूर, हमारे दिलीप कुमार साहब की सेहत स्थिर है और डॉक्टरों ने मुझे आश्वासन दिया है कि उन्हें जल्द ही छुट्टी मिल जाएगी।''












Click it and Unblock the Notifications