3 बार के विधायक रहे निर्वेंद्र मुन्ना की हत्या पर अखिलेश यादव का फूटा गुस्सा, यूपी सरकार पर जमकर साधा निशाना
लखनऊ। लखीमपुर खीरी जिले में रविवार को तीन बार के पूर्व विधायक निर्वेंद्र मिश्रा उर्फ मुन्ना की निर्मम हत्या किए जाने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है। साथ ही पूर्व विधायक निर्वेंद्र मिश्रा उर्फ मुन्ना को श्रद्धांजलि भी दी। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राज में प्रदेश की जनता क़ानून-व्यवस्था के विषय पर चिंतित ही नहीं, भयभीत भी है। तो वहीं, यूपी कांग्रेस ने ट्वीट करते हुए योगी सरकार पर हमला बोला है।
Recommended Video

जनता चिंतित ही नहीं, भयभीत भी है: अखिलेश यादव
पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को ट्वीट कर उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने लिखा, पुलिस की उपस्थिति में आज दिनदहाड़े लखीमपुर में तीन बार के विधायक रहे निर्वेन्द्र मुन्ना की निर्मम हत्या व उनके पुत्र पर हुए क़ातिलाना हमले से प्रदेश हिल गया है। श्रद्धांजलि! भाजपा राज में प्रदेश की जनता क़ानून-व्यवस्था के विषय पर चिंतित ही नहीं, भयभीत भी है। निंदनीय!'

पीट-पीटकर की हत्या
दरअसल, लखीमपुर खीरी जिले में रविवार को पूर्व विधायक निर्वेंद्र कुमार मिश्रा की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं, पूर्व विधायक के बेटे को भी पीट-पीटकर अधमरा कर दिया गया है। बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। बता दें, निर्वेंद्र कुमार मिश्रा उर्फ मुन्ना निघासन विधानसभा से तीन बार निर्दलीय विधायक रह चुके थे।
हत्या के पीछे जमीन विवाद बताई जा रही है वजह
जानकारी के मुताबिक निर्वेंद्र कुमार मिश्रा की हत्या के पीछे जमीन विवाद बताया जा रहा है। लखीमपुर खीरी के एसपी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि निर्वेंद्र उर्फ मुन्ना का समीर गुप्ता पुत्र किशन लाल गुप्ता व राधेश्याम गुप्ता निवासी दरगाह मोहल्ला पलिया खीरी के बीच विवादित जमीन के कब्जे को लेकर वाद विवाद हुआ था। विवाद के दौरान निर्वेंद्र मिश्रा गिर गए थे, उन्हें सीएचसी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई।


Click it and Unblock the Notifications
