ऋषि कपूर के निधन पर अखिलेश यादव ने दी श्रद्धांजलि, गुनगुनाया उनका ये गीत
लखनऊ। 24 घंटे के अंदर बॉलीवुड के लिए एक और दुखद खबर आई है, 67 साल की उम्र में वेटरेन एक्टर ऋषि कपूर ने गुरुवार को अंतिम सांस ली। ऋषि कपूर को बुधवार की सुबह मुंबई के सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उन्हें सांस लेने में तकलीफ थी। बता दें कि वह पिछले 2 साल से कैंसर से लड़ रहे थे। उनके निधन की खबर से हर कोई हैरान है। ऋषि कपूर की मौत से बॉलीवुड जगत के साथ राजनीतिक जगत तक के लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। टि्वटर, फेसबुक पर लोग अपने दुख का इजहार कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी टि्वटर के माध्यम से ऋषि कपूर को श्रद्धांजलि दी है।

ऋषि कपूर का निधन एक युग का अंत है: अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट ऋषि कपूर के निधन पर भावभीनी श्रद्धांजति दी। अखिलेश यादव ने लिखा, 'युवा दिलों की धड़कन रहे बहुमुखी अभिनय-कला के धनी ऋषि कपूर जी का निधन एक युग का अंत है... भावभीनी श्रद्धांजलि! उनकी गुनगुनाती यादें यूं ही गूंजती रहेंगी। 'चल कहीं दूर निकल जाएं...।'
ऋषि कपूर अपने अभिनय के लिए हमेशा किए जाएंगे याद: मायावती
बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी ऋषि कपूर के निधन पर दुख व्यक्त किया। मायावती ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'फिल्मी दुनिया की एक और जानी-मानी हस्ती ऋषि कपूर के आज निधन की खबर अति-दुःखद। खासकर बाबी फिल्म से भारतीय सिनेमा पर छा जाने वाले ऋषि कपूर अपने अभिनय के लिए हमेशा याद किए जायेंगे। कल इरफान व आज ऋषि की मौत बालीवुड को गहरा अघात है। कुदरत सबको इस दुःख को सहन करने की शक्ति दे।'

कैंसर के इलाज के बाद भारत लौटे थे ऋषि कपूर
पिछले साल सितंबर में न्यूयॉर्क में लगभग एक साल कैंसर के इलाज के बाद भारत लौटे थे। अभिनेता को 2018 में कैंसर का पता चला था और 11 महीने और 11 दिनों तक चलने वाले मज्जा उपचार और रिकवरी से गुजरना पड़ा था। जब ऋषि कपूर न्यूयॉर्क में थे, तब उनके बेटे और अभिनेता रणबीर कपूर भी काफी दिनों तक पिता के साथ थे, इस बीच बॉलीवुड के कई सितारों ने विदेश में इलाज के दौरान ऋषि कपूर से मुलाकात की थी।

बुधवार को हुए थे भर्ती
बता दें कि बुधवार ऋषि कपूर के परिवार ने उन्हें एच एन रिलायंस अस्पताल में भर्ती कराया था, उनके भाई रणधीर ने बताया था कि उन्हें सांस लेने में समस्या हो रही थी, महानायक अमिताभ बच्चन ने ऋषि कपूर के निधन की जानकारी दी है, बता दें कि 29 अप्रैल को हिंदी सिनेमा ने एक्टर इरफान खान को खोया था और अब उनके निधन के 1 दिन बाद 30 अप्रैल को ऋषि कपूर अलविदा कह गए, जिसके बाड बॉलीवुड सदमे में है।












Click it and Unblock the Notifications