ललितपुर: मिट्टी खोदते समय धंसी खदान, भाजपा नेता सहित दो की दबकर मौत
Lalitpur news, ललितपुर। यूपी के ललितपुर में गुरुवार की शाम खेत की मेड़ बनाने के लिए मिट्टी खोदते समय खदान धसकने से भाजपा के मंडल मंत्री समेत दो की मौत हो गई। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

मिट्टी में दबकर मौत
जानकारी के मुताबिक, कस्बा बानपुर निवासी व भारतीय जनता पार्टी के मंडल बानपुर मंत्री 45 वर्षीय अवधेश प्रताप सिंह उर्फ बंटी राजा अपने पड़ोसी 26 वर्षीय नाथूराम के साथ गुरुवार की शाम खेत मे मेड़ बनाने के लिए मिट्टी खोदने के लिए कस्बा बानपुर के बाहर स्थित पुराने तालाब में गए थे। जब वह दोनों खदान की खोह में के अंदर मिट्टी खोद रहे थे, तभी खोह धसक गई और दोनों मिट्टी के नीचे दब गए।

दोनों के छोटे-छोटे बच्चे हैं
घटना देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को मिट्टी के नीचे से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक बंटी राजा के पिता महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया बंटी व नाथूराम दोनों के दो-दो छोटे छोटे बच्चे हैं।












Click it and Unblock the Notifications