लखीमपुर खीरी : केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी ने डाला वोट, विक्टरी साइन दिखाते हुए निकले बाहर
लखीमपुर खीरी, 23 फरवरी: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए चौथे चरण में 9 जिलों की 59 सीटों पर वोटिंग जारी है। इसमें लखनऊ, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, फतेहपुर और बांदा जिले शामिल हैं। चौथे चरण में लखीमपुर खीरी में भी मतदान चल रहा है। लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा को लेकर विवादों में घिरे केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा ट्रेनी ने बुधवार को बनबीरपुर में एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। वोट डालने के बाद वह अजय मिश्रा टेनी विक्टरी का साइन दिखाते हुए बाहर निकले। इस दौरान मीडिया ने उनसे सवाल पूछना चाहा, लेकिन वह बिना किसी का जवाब दिए ही वहां से निकल गए।

लखीमपुर खीरी की आठ विधानसभा सीटों पर मतदान
लखीमपुर खीरी की आठ विधानसभा सीटों में मोहम्मदी, गोला गोरखनाथ, कास्ता, लखीमपुर, श्रीनगर, निगहासन, धौरहरा और पलिया कलान शामिल हैं। इस सीटों पर कुल 28,02, 835 मतदाता हैं, जिनमें से 1495069 पुरुष और 1307623 महिला वोटर्स हैं। इस बार 42,911 नए वोटर लिस्ट में शामिल किए गए हैं जो पहली बार मतदान करेंगे।
2017 में भाजपा ने खीरी की सभी सीटों पर हासिल की थी जीत
बता दें, 2017 के चुनाव में भाजपा ने लखीमपुर खीरी की सभी सीटों पर जीत हासिल की थी। पिछले साल तीन अक्टूबर को लखीमपुर हिंसा में चार किसानों सहित कुल आठ लोगों की मौत हुई थी। आरोप है कि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष मिश्रा ने अपनी कार से चार किसानों को कुचल डाला था। इस हिंसा में एक स्थानीय पत्रकार की भी मौत हुई थी। इस मामले में आशीष मिश्रा जेल भेजे गए थे। फिलहाल वह जमानत पर बाहर हैं।
इससे पहले लखीमपुर खीरी से सपा प्रत्याशी उत्कर्ष वर्मा ने आरोप लगाया कि कादीपुर सानी क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर अज्ञात बदमाशों ने ईवीएम पर हमला किया। वर्मा ने दावा करते हुए कहा, "फेविक्विक दाल दिया एसपी के निशान पर।"












Click it and Unblock the Notifications