लखीमपुर खीरी कांड के गवाह दिलबाग सिंह पर हमला, FIR दर्ज, SP ने बताई ये बड़ी बात
लखीमपुर खीरी, 01 जून: लखीमपुर खीरी कांड के गवाह बीकेयू नेता दिलबाग सिंह की कार पर हमले का मामला सामने आया है। दिलबाग सिंह भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष हैं। बताया जा रहा है कि दिलबाग सिंह की कार पर फायरिंग की गई, जिसमें वह बाल-बाल बच गए हैं। इस मामले में एसपी संजीव सुमन ने बताया कल रात किसान नेता दिलबाग सिंह ने दावा किया कि कुछ अज्ञात लोगों ने उनके ऊपर 3 बार फायरिंग की। मौके पर पहुंची पुलिस के मुआयना करने के बाद एफआईआर दर्ज किया। घटना की जांच जारी है। लखनऊ से FSL की टीम बुलाई गई है, जो गनशॉट फायरिंग की बैलिस्टिक रिपोर्ट कल तक देगी।

गवाह ने गनर को खुद दे दी छुट्टी, इसी बीच हुई घटना
एसपी ने बताया कि मामले में टेक्निकल इंटेलिजेंस की भी मदद ली जा रही है। उस रूट के सीसीटीवी कैमरों को देखा जा रहा है जो भी मामले में आरोपी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने बताया कि दिलबाग सिंह को प्रशासन से सुरक्षा प्राप्त है और उस सुरक्षा कर्मी को सिर्फ जिले के एसपी ही छुट्टी दे सकते हैं, लेकिन उन्होंने स्वयं अपने गनमैन को दो दिनों की छुट्टी दे दी और इसके बाद ही घटना घटी। ये भी एक जांच का विषय है।
तीन फायर करके चले गए बाइक सवार
दिलबाग सिंह पर हमला गोला कोतवाली के अलीगंज में हुआ है। वह अलीगंज से घर वापस लौट रहे थे। दिलबाग सिंह के मुताबिक, रात में 9.30 बजे के पीछे से बाइक सवार दो लोग आए और पहले कार के टायर पर फायर किया। इसके बाद उन्होंने कार रोक ली। शीशा नीचे नहीं किया और सीट फोल्ड कर ली। वो बदमाश फायरिंग करके चले गए। बता दें, सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर ही लखीमपुर खीरी कांड के गवाह दिलबाग सिंह को सुरक्षा के लिए गनर दिया गया था।
सपा ने कहा - मंत्री टेनी को बर्खास्त करे सरकार
इस मामले पर सियासत भी तेज हो गई है। सपा ने कहा कि पहले मंत्री टेनी के बेटे ने किसानों को अपनी थार से कुचल कर मार डाला, अब उसी तिकुनिया थार कांड में मुख्य गवाह दिलबाग सिंह पर जानलेवा हमला, टेनी के मंत्री रहते मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी मंत्री पुत्र को सजा और पीड़ित को न्याय संभव नहीं, मंत्री टेनी को बर्खास्त करे सरकार!












Click it and Unblock the Notifications