पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर रिपोर्ट भेजें राज्यपाल- गृह मंत्रालय
सरकारी सूत्रों ने खबर दी है कि गृह मंत्रालय ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल से राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर रिपोर्ट भेजने को कहा है।
कोलकाता, 6 मई। सरकारी सूत्रों ने खबर दी है कि गृह मंत्रालय ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ से राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर रिपोर्ट भेजने को कहा है। मालूम हो कि पश्चिम बंगाल में 2 मई को चुनाव परिणाम आने के बाद कई जगहों से हिंसा और आगजनी की घटनाएं सामने आई थीं। बीजेपी ने इन घटनाओं के पीछे टीएसी के समर्थकों को जिम्मेदार बताया था।

इसके अलावा भाजपा ने टीएमसी कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हमला करने और उनके घर जलाने का भी आरोप लगाया था। वहीं, बंगाल में हुई हिंसा पर कड़ा रुख अपनाते हुए गृह मंत्रालय ने 4 सदस्यीय टीम हिंसा पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के लिए बंगाल भेजी है। इससे पहले गृह मंत्रालय ने बंगाल के मुख्य सचिव को हिंसा पर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने और हिंसक घटानों को रोकने के लिए तत्काल कदम उठाने को कहा था, लेकिन सचिव ने केंद्र सरकार को कोई जवाब नहीं दिया।
यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में हिंसा को लेकर गृह मंत्रालय सख्त, कोलकाता भेजी गई चार सदस्यों की टीम
वहीं राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने भी बंगाल में हुई हिंसा पर संज्ञान लेते हुए आयोग की डिप्टी आईजी (अन्वेषण) को एक टीम गठित करने को कहा है, जो इस मामले की जांच करेगी। टीम को जांच के लिए दो सप्ताह का समय दिया गया है।
वहीं टीएमसी ने हिंसा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर जो तस्वीरें वायरल हो रही हैं वे पुरानी घटनाओं की है। वहीं टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने इस मसले पर भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी पुरानी घटनाओं को दिखाकर जनता को भड़काने का काम कर रही है उसकी यह पूरानी आदत है। ये सारी वीडियो फर्जी हैं। इसके अलावा टीएमसी ने कहा है कि उसकी पार्टी का इन घटनाओं से कोई लेना देना नहीं है और उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को शांति बनाए रखने की अपील की है।












Click it and Unblock the Notifications