Katni में बेरहम पति, पत्नी की हत्या कर ढाई साल की मासूम पर किया जानलेवा हमला
'शराब' चीज ही ऐसी है कि जब नशा सिर चढ़ता है, तो कुछ लोग यह भी भूल जाते है कि वह इंसान है हैवान? एमपी के कटनी में ऐसा ही दिलदहला देने वाला मामला सामने आया, जिसकी कहानी समाज को सोचने मजबूर करती हैं।

Katni: मध्य प्रदेश के कटनी जिले में ससुराल में रह रहे दामाद ने जुर्म की ऐसी दास्तान लिखी, जिसे घर वाले शायद ही भुला सकें। वो तो ढाई साल की मासूम की जान का भी दुश्मन बन गया। कुल्हाड़ी से हमला कर उसने पत्नी को मौत के घाट उतार दिया फिर उसने खुद ख़ुदकुशी कर ली।
मामला बड़वारा के बंदरी गांव का है। जहां दीपचंद पत्नी और दो बच्चों के साथ नवरात्रि से ससुराल में ही रुका था। वारदात के वक्त घर के सदस्य शादी में गए हुए थे। तभी दीपचंद बेतहाशा शराब पीकर घर पहुंचा। पत्नी के साथ किसी बात उसकी बहस हुई।
उसके कुछ देर बाद घर में रखी कुल्हाड़ी से पत्नी रूपा और ढाई साल की मासूम बेटी पर हमला कर दिया। रूपा का पांच साल का बेटा भी शादी में गया हुआ था। ससुराल पक्ष के लोग जब घर लौटे तो रूपा और मासूम गंभीर घायल अवस्था में पड़े थे।
मोहल्ले और घर के लोगों ने फौरन दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां कुछ देर बाद रूपा ने दम तोड़ दिया। वारदात की खबर लगते ही जब मौके पर पुलिस पहुंची तो घर के छत पर रॉड में फांसी के फंदे पर दीपचंद भी झूलता मिला।
बड़वारा थाना प्रभारी रश्मि सोनकर ने बताया कि रूपा पर उसके पति ने कई वार किए थे। परिजनों से पूछताछ में पता चला कि दीपचंद शराब पीने का आदी था। शराब के नशे में उसने कत्ल की इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
ढाई साल की मासूम पर भी दीपचंद ने रहम नहीं खाया। हॉस्पिटल में उसका इलाज चल रहा है और हालत गंभीर है । पूरा गांव उसकी सलामती की दुआएं कर रहा हैं। वहीं पांच साल के बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है। उसका हर आंसू खुद से सवाल कर रहा है कि आखिर उसे किस बात की सजा मिली? सिर से मां का साया छिन गया, नन्ही बहन अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है। आगे परवरिश कौन करेगा?












Click it and Unblock the Notifications