पैरों में हाथ जैसी अंगुलियां, दुर्लभ बीमारी से जूझ रहा ये परिवार
कानपुर। यूपी के कानपुर में रहने वाला एक परिवार दुर्लभ बीमारी से जूझ रहा है। परिवार के आठों सदस्यों के पैर के पंजे हाथ की तरह पतले, लंबी और टेढ़ी अंगुलियों जैसे हो जाते हैं। हाथ की अंगुलियां भी एक में मिलने लगती हैं। कानपुर देहात के सीएमओ ने इस बीमारी के सामने आने के बाद गणेश शंकर विद्यार्थी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल को शोध के लिए पत्र लिखा है। वहीं, बाल रोग विभाग के डॉक्टरों ने पीड़ित परिवार को जांच के लिए बुलाया है।

पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ती है बीमारी
जानकारी के मुताबिक, यह पहला मामला है। अकबरपुर तहसील के जगजीवनपुर के बरकाती इस बीमारी से पीड़ित थे। उनकी मौत हो चुकी है। दो बेटे अशफाक व इशहाक एवं बेटी तजबुल को भी यह बीमारी हुई। तजबुल की भी मौत हो चुकी है। अब अशफाक के दो बेटे आठ साल के राशिद, 11 वर्षीय साहिल और बेटी पांच वर्षीय जेबा को यह बीमारी हो गई है, जबकि दो पीड़ित बेटों की मौत हो चुकी है। यह बीमारी पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ती रहती है।

पत्नियों को नहीं है ये बीमारी
इसहाक की दो बेटियों 12 साल की जैनब, 6 साल की आफरीन और 8 साल के बेटे अरशद को भी इस बीमारी ने पकड़ लिया। तजबुल की एक बेटी है, वह भी इस बीमारी से पीड़ित है। वहीं, बरकाती, अशफाक और इशहाक की पत्नियों को यह बीमारी नहीं हुई।

क्या कहते हैं जानकार
गणेश शंकर विद्यार्थी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एके आर्या के मुताबिक, यह जेनेटिक ऑटोसोमल डोमिनेंट रोग है। यह लाखों लोगों में किसी एक को ही होता है। इसके पीछे समान ब्लड ग्रुप या बेहद नजदीकी संबंधों में विवाह, इंजेक्शन से नशा लेने की लत माना जाता है। एक परिवार में इतने पीड़ित होने का मामला पहली बार सामने आया है। उन्हें जांच के लिए बुलाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications