Kanpur पुलिस कस्टडी में युवक की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, SHO समेत 9 पुलिसकर्मी हुए सस्पेंड
Kanpur पुलिस हिरासत में एक युवक की संदिग्ध मौत हो गई। इस मामले में एसपी देहात ने एसएचओ समेत 09 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया।

Kanpur News: छह दिसंबर को हुई एक लूट के मामले में कानपुर देहात पुलिस ने एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। पूछताछ के दौरान युवक की हालत बिगड़ गई, जिसके बाद पुलिस उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंची। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में इस मामले में कार्रवाई करते हुए कानपुर एसपी ने थानेदार (एसएचओ) समेत नौ पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया।
कानपुर देहात के शिवली थाना क्षेत्र में 06 दिसंबर को ज्वैलर्स चंद्रभान सिंह की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर ढाई लाख रुपये की लूट हो गई थी। यह घटना उस समय हुई थी, जब वो बाइक से अपने घर जा रहे थे। इस घटना के खुलासे के लिए एसपी ने स्वाट टीम को भी लगाया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्वाट टीम ने तीन लोगों अविनाश कुशवाहा, सूरज और शिवा उर्फ कल्लू को गिरफ्तार किया और पूछताछ के दौरान तीनों ने बलवंत के नाम का भी खुलासा किया था।
स्वाट टीम ने इसके बाद सरैयां लालपुर का रहने वाले बलवंत (27) को सोमवार शाम को रनियां से पकड़ लिया। जब बलवंत देर रात तक अपने घर नहीं पहुंचा तो परिजन नजदीकी पुलिस स्टेशन शिवली पहुंचे और सूचना दी। जिसके बाद रात करीब तीन बजे पुलिस ने उसके घर सूचना दी कि बलवंत जिला अस्पताल में भर्ती है। परिजन वहां पहुंचे तो उसका शव रखा था। पुलिस ने आनन-फानन शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
तो वहीं, बलवंत के भाई सचिन सेंगर ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने उनके भाई की पीट-पीट कर हत्या कर दी। उसने दोषी पुलिसकर्मियों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। तो वहीं, एसपी ने इस मामले में कहा कि मृतक बलवंत का पोस्टमार्टम डॉक्टरों की एक समिति से कराया जाएगा जाएगा और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की जाएगी। फिलहाल इस घटना के बाद एसपी ने एसएचओ राजेश सिंह समेत 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications