3 बच्चों के बाप ने गर्भवती पत्नी को दिया तीन तलाक, पिटाई से हुआ गर्भपात, आईजी ने मांगी रिपोर्ट
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में महिला की पिटाई के बाद तीन तलाक का मामला सामने आया है। आरोप है कि पिटाई के दौरान गर्भवती पत्नी का गर्भपात हो गया। घटना के बाद पीड़िता ने थाना किदवई नगर में शिकायत की। पीड़िता का आरोप है कि थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसकी एक न सुनी और उसे थाने से टरका दिया। इसके बाद महिला अपने मायके चली गई, जहां उसका उपचार चल रहा है।

2011 में हुई थी शादी
किदवई नगर के जूही परम पुरवा निवासी युवती की शादी 2011 में अंबेडकरनगर के रहने वाले चमड़ा का काम करने वाले से हुई थी। महिला के तीन बच्चे हैं। महिला ने बताया कि वह दो माह की गर्भवती थी, रमजान में रोजा रखने के कारण 10 मई को उसकी तबीयत खराब हो गई। इस दौरान घर में काम में देरी होने लगी। महिला का आरोप है कि खाना बनाने में देरी और घर के कामों में देरी के कारण सास ने गाली-गलौज की। उसे बुरी तरीके से पीटा। जब वह रोने लगी तो पति ने भी उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी।

पति की पिटाई से हुआ गर्भपात
महिला ने बताया कि मारपीट के दौरान वह जमीन पर गिर गई, जिसकी वजह से उसका गर्भपात हो गया। लहूलुहान हालत में वह किदवई नगर थाने पहुंची, लेकिन सिपाहियों ने पारिवारिक विवाद बताते हुए उसे थाने से लौटा दिया। महिला का आरोप है कि उसकी ऐसी हालत देखने के बाद भी थाने में मौजूद सिपाहियों ने उसकी एक न सुनी और वह रोती बिलखती अपने मायके आ गई। बता दें, पीड़िता का इलाज चल रहा है। उसका कहना है कि स्वस्थ होने के बाद वह पुलिस के आला अधिकारियों से इसकी शिकायत करेगी, ताकि उसके पति और सास को सजा मिल सके।

आईजी ने मांगी रिपोर्ट
इस पूरे मामले पर किदवई नगर प्रभारी निरीक्षक ने घटना की जानकारी से इनकार किया। इस पूरे मामले पर पुलिस महानिरीक्षक मोहित अग्रवाल ने मामले को गंभीर बताते हुए प्रभारी निरीक्षक को जांच करके दो दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है। आईजी रेंज कानपुर मोहित अग्रवाल ने कहा कि इस तरह क्रूरता से पिटाई करने वाला चाहे कोई भी हो, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि तीन तलाक महिला को दिया गया या नहीं, इसकी भी जांच होगी।












Click it and Unblock the Notifications