शहीद दीपक पांडेय ने लिया था 20 लाख का होम लोन, योगी के मंत्री ने किया चुकाने का एलान
Kanpur news, कानपुर। कश्मीर के बडगाम में चॉपर क्रैश में शहीद हुए कानपुर के लाल दीपक पांडेय का होम लोन कैबनेट मंत्री सतीश महाना अदा करेंगे। शहीद के प्रति सम्मान का भाव दिखाते हुए सतीश महाना ने सभी राजनेताओं के लिए एक नजीर पेश की है। शहीद दीपक पांडेय ने एलआईसी हाउसिंग से 20 लाख रुपए का होम लोन लिया था, जिसे व्यक्तिगत तौर पर चुकाने की घोषणा मंत्री ने की है।

एमआई 17 हेलीकॉप्टर क्रैश में शहीद हुए थे दीपक पांडेय
कानपुर के चकेरी इलाके के रहने वाले दीपक पांडेय बुधवार को कश्मीर के बड़गाम में हुए एम आई 17 हेलीकॉप्टर क्रैश में शहीद हो गए थे। दीपक के शहीद होने की खबर जब कानपुर पहुंची थी तो घर में कोहराम मच गया था। शहीद दीपक का पार्थिव शरीर उनके घर पहुंचा तो आखिरी दर्शन के लिए पूरा कानपुर उमड़ पड़ा था। शुक्रवार को अंतिम संस्कार के दौरान कैबनेट मंत्री सतीश महाना को पता चला कि दीपक ने मकान बनवाने के लिए बैंक से कर्जा लिया था।

व्यक्तिगत तौर पर अदा करेंगे लोन
सतीश महाना ने दीपक के परिजनों से मिलकर बात की तब उन्होंने बताया कि दीपक ने मकान बनवाने के एलआईसी हाउसिंग से बीस लाख का कर्जा लिया था। सतीश महाना ने व्यक्तिगत तौर पर शहीद दीपक पांडेय का होम लोन अदा करने की बात कही है।

पैसों से नहीं की जा सकती बराबरी
कैबिनेट मंत्री का कहना है कि दीपक ने मकान बनवाने के लिए जितना भी कर्ज लिया है वह उनके द्वारा चुकाया जाएगा। प्रदेश सरकार की तरफ से 25 लाख रुपए दीपक के बैंक खाते में जा चुके हैं। सतीश महाना ने कहा की यह एक समर्पण हैं, क्योंकि देश पर शहीद होने वालों पर पैसों से इसकी बराबरी नहीं की जा सकती है। यह दीपक के माता-पिता के प्रति एक सम्मान, समर्पण और श्रद्धा है।












Click it and Unblock the Notifications