जेल में जुंबा डांस करती दिखी बिकरू कांड की आरोपी खुशी दुबे, VIDEO वायरल
कानपुर, 19 अप्रैल: एनकाउंटर में मारे गए गैंगस्टर विकास दुबे के करीबी और बिकरू कांड के आरोपी अमर दुबे की पत्नी खुशी दुबे इन दिनों जेल के अंदर जुंबा डांस कर रही हैं। खुशी दुबे कानपुर देहात जिला जेल में बंद है। रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि खुशी दुबे ने जेल में महिला बंदियों के साथ जुंबा डांस किया। इसका वीडियो भी सामने आया है।
Recommended Video

महिला बंदियों का तनाव दूर करने के जेल में योग शिविर
बता दें, अमर दुबे को भी एनकाउंटर में ढेर कर दिया गया था। बिकरू कांड में आरोपियों की मदद के आरोप में ही खुशी दुबे जेल में बंद है। बताया जा रहा है कि जेल में बंद महिला बंदियों का तनाव दूर करने और उन्हें स्वस्थ रखने के लिए जेल के अंदर योगा टीचर किरन गुप्ता ने तीन दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया था। तीन दिनों से लगातार चल रहे इस शिविर में महिला बंदियों के साथ खुशी दुबे ने भी जुंबा डांस किया।

क्या है बिकरू कांड ?
2 जुलाई 2020 की आधी रात 12:45 बजे बिकरू गांव में गैंगस्टर विकास दुबे और उसके गुर्गों ने डीएसपी और एसओ समेत 8 पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी। एक-एक पुलिसकर्मी को दर्जनों गोलियां मारी गई थीं। इस मामले में पुलिस और एसटीएफ ने मिलकर आठ दिन के अंदर विकास दुबे समेत छह बदमाशों को एनकाउंटर में ढेर कर दिया था। 45 आरोपी जेल में बंद हैं। केस का ट्रायल जारी है।

विकास दुबे सहित छह बदमाश एनकाउंटर में ढेर
तीन जुलाई की सुबह सबसे पहले पुलिस ने विकास के रिश्तेदार प्रेम कुमार पांडेय और अतुल दुबे को एनकाउंटर में मार गिराया। इसके बाद एनकाउंटर का सिलसिला शुरू हो गया। इसके बाद हमीरपुर में अमर दुबे को ढेर किया। इटावा में प्रवीण दुबे का एनकाउंटर किया गया। पुलिस कस्टडी से भागने पर पनकी में प्रभात मिश्रा उर्फ कार्तिकेय मिश्रा ढेर कर दिया गया। विकास दुबे ने 9 जुलाई की सुबह उज्जैन में नाटकीय ढंग से सरेंडर किया। एसटीएफ की टीम जब उसको कानपुर लेकर आ रही थी तो सचेंडी थाना क्षेत्र में हुए एनकाउंटर में विकास मार दिया गया था।

खुशी दुबे समेत 45 आरोपी जेल में हैं बंद, तीन पर एनएसए
बिकरू कांड के बाद पुलिस ने अमर दुबे की पत्नी खुशी दुबे समेत कुल 45 आरोपियों को जेल भेजा है। खुशी के अलावा तीन और महिलाएं भी शामिल हैं। इसके अलावा 9 आरोपी विकास के मददगार और असलहा खरीदने वाले हैं। असलहा खरीदने वाला भिंड के एक सपा नेता का रिश्तेदार था, जिसको एसटीएफ ने पकड़ा था। अब तक तीन आरोपियों शिवम दुबे उर्फ दलाल, राजेंद्र और बबलू मुसलान पर एनएसए लगाया जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications