VIDEO: ऑफिस में घुसी बकरी यूपी के विकास की फाइल ले भागी, धूप सेंक रहे कर्मचारी को अपने पीछे दौड़ाया
कानपुर, 1 दिसंबर। सोशल मीडिया पर एक बकरी का वीडियो वायरल हो रहा है। बकरी कागज मुंह में दबाए हुए है और उसको पकड़ने के लिए एक शख्स भागता है। बकरी तेजी से भागती हुई चली जाती है और उसके पीछे-पीछे वह शख्स भी भागता दिखता है। 22 सेकेंड का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो कानपुर नगर के बिल्हौर क्षेत्र के चौबेपुर का है। चौबेपुर पंचायत कार्यालय में यह बकरी घुसी और विकास कार्यों की फाइल मुंह में दबाकर भागी। उसके पीछे सरकारी कर्मचारी भी भागा। बहुत दूर पीछा करने पर बकरी पकड़ में आई लेकिन तब तक वह फाइल का कुछ हिस्सा चबा गई थी।

बताया जा रहा है कि चौबेपुर पंचायत कार्यालय में सरकारी कर्मचारी धूप में बैठे थे कि तभी यह घटना हुई। बकरी पंचायत कार्यालय में घुसी और वहां से फाइल मुंह में दबाकर भागने लगी। जब तक कर्मचारी संभल पाते तब तक कार्यालय की दीवार के बगल से होते हुए बकरी तेजी से भागी। 22 सेकेंड का यह वीडियो पंचायत कार्यालय में सरकारी कर्मचारियों की लापरवाही की गवाही दे रहा है। बकरी फाइल मुंह में दबाकर तेजी से भागती है और उसके पीछे भाग रहा कर्मचारी पीछे छूट जाता है। जब तक बकरी के चंगुल से फाइल कर्मचारी हासिल कर पाया तब तक उसका कुछ हिस्सा वह खा चुकी थी।
सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हुआ और लोग इसका मजाक उड़ा रहे हैं। इस मामले पर जब चौबेपुर के खंड विकास अधिकारी मन्नू लाल यादव से पूछा गया तो उन्होंने इसे गंभीर मामला बताया। कहा कि यह बहुत बड़ी लापरवाही है और इसके लिए कार्यालय के पंचायत सचिवों से स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। क्षेत्र पंचायत अधिकारी ने कर्मचारियों को तलब कर उस फाइल को मंगाया जिसको बकरी लेकर भाग गई थी। उन्होंने सभी कर्मचारियों को ऑफिस के अंदर ही बैठकर काम करने की हिदायत दी है।












Click it and Unblock the Notifications