यूपी की बेटी मनु पाल ने मलेशिया में जीता गोल्ड, तिरंगा लहराकर लौटी तो गांव में हुआ जोरदार स्वागत
कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज की रहने वाली मनु पाल ने मलेशिया में गोल्ड जीता है। उन्होंने 28 अगस्त से एक सितंबर तक आयोजित मलेशियन ओपन ट्रिपल्स में लॉन बाल्स खेल में मलेशिया को ही हराया। फाइनल मैच 16-09 से जीता। गोल्ड मेडल अपने नाम करने के बाद तिरंगा लहराकर वापस वतन लौटीं। यहां मंगलवार को उनके गांव में उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर मनु ने कहा कि, सरकार जिस तरह से अन्य खेलों को प्रोत्साहित करती है, वैसे ही लॉन बाल्स को भी बढ़ावा मिलना चाहिए।

हांगकांग को 23-10 से परास्त कर फाइनल में पहुंची थीं
मनु पाल ने पुतुल व मृदुल के साथ भारत की ओर से मलेशियन ओपन ट्रिपल्स में प्रतिभाग किया था। क्वार्टर फाइनल में मनु ने कोरिया को 35-09 से हराया। फिर, सेमीफाइनल में हांगकांग को 23-10 से हराकर फाइनल मैच में आईं। फाइनल में उन्होंने मलेशियाई खिलाड़ी को 16-09 से हरा दिया। इस तरह तिरंगा लहराकर अपनी जीत देश को समर्पित की।

छिबरामऊ गांव में हुआ जोरदार स्वागत
बता दें कि, मनु कन्नौज के छिबरामऊ की रहने वाली हैं। उनके पिता रामनरायन पाल सीआरपीएफ से रिटायर्ड हैं। बेटी की कामयाबी पर उन्होंने कहा, मेरी लाड़ली ने परिवार व क्षेत्र के साथ देश का नाम भी रोशन किया है। हम अपने को बेहद गौरवांवित महसूस कर रहे हैं।'

कहा- मेरी सहायता की जाए तो और गोल्ड जीतूंगी
वहीं, मनु पाल ने प्रधानमंत्री के बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ योजना की तारीफ करते हुए कहा कि, संसाधन मुहैया कराया जाएं तो बेटियां सब कर सकती हैं। मैंने देखा है कि हर माह किसी न किसी देश में खेल आयोजन होते हैं, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण सभी जगह नहीं जा पातीं। मैं सरकार से चाहती हूं कि, मेरी सहायता की जाए, ताकि देश के लिए और गोल्ड हासिल कर सकूं। मेरे पास कोई जॉब भी नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications