Suman Beniwal RLP: जोधपुर में आरएलपी की नेता सुमन बेनीवाल की हत्या, पति ने पत्थर से सिर कुचला
हनुमान बेनीवाल की पार्टी आरएलपी की नेता सुमन बेनीवाल महिला मोर्चा की पूर्व जिला अध्यक्ष थीं। उसकी हत्या पति ने की है।
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी की जोधपुर जिला महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष सुमन बेनीवाल की शनिवार को हत्या कर दी गई है। वारदात को सुमन बेनीवाल की पति ने अंजाम दिया है। पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या की वजह आपसी कलह सामने आई है।

सूचना पाकर पहुंची पुलिस बंद कमरे में शव के पास मिले सुमन बेनीवाल के पति को अरेस्ट कर लिया है। उसने शुक्रवार रात डेढ़ बजे आपसी झगड़े में सुमन बेनीवाल का सिर पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी थी।
मीडिया से बातचीत में पुलिस उपायुक्त (पूर्व) डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि जोधपुर जिले के मतोड़ा पुलिस थाना इलाके के नौसर हाल माता का थान मंदिर के पीछे बोरड़ी का बाव क्षेत्र में सुमन बेनीवाल (35) अपने पति रमेश बेनीवाल के साथ रहती थी।
पुलिस के अनुसार सुमन बेनीवाल व उसके पति के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी। फर्नीचर व हैंडीक्राफ्ट का काम करने वाले पति को अपनी पत्नी का संदेह था। इसी के चलते रात डेढ़ बजे दोनों के बीच फिर झगड़ा हुआ।
झगड़े के दौरान गुस्से में आकर पति रमेश ने दरवाजे के पीछे रखे पत्थर से सुमन के सिर पर वार किया, जिससे उसके सिर से खून बहने लगा। कुछ देर बाद मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
इसके बाद रमेश ने परिवार के लोगों व रिश्तेदारों को फोन करके जानकारी दी कि उसने पत्नी की हत्या कर दी। परिजनों ने जोधपुर जिले की माता का थाना पुलिस थाने में सूचना दी। पुलिस पहुंची तब कमरा अंदर से बंद था और रमेश शव के पास बैठा हुआ था।
इधर, आरएलपी सुप्रीमो व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने ट्वीट कर कहा कि 'जोधपुर जिले से RLP परिवार की सदस्य सुमन बेनीवाल की संदेहास्पद स्थिति में हुई मृत्यु के समाचार प्राप्त होते ही मैंने प्रकरण को लेकर जोधपुर पुलिस कमिश्नर से दूरभाष पर वार्ता कर मामले में त्वरित खुलासा करते हुए न्यायोचित कार्रवाई करने की बात कही और भोपालगढ़ विधायक पुखराज गर्ग को तत्काल मौके पर जाने के लिए निर्देशित किया है।'












Click it and Unblock the Notifications