Rajasthan: जमीन बंटवारे में तहसीलदार ने मांगी दो लाख की घूस, किसान ने 9 बच्चों को रखा गिरवी!
फलोदी के गांव ढढू निवासी किसान श्यामलाल बिश्नोई अपनी जमीन का बंटवारा करवाना चाहता है। फलोदी तहसीलदार पर दो लाख की घूस मांगने का आरोप लगाकर 9 बच्चे तहसील ऑफिस में छोड़े।

राजस्थान के जोधपुर जिले में रिश्वत का अजीब मामला सामने आया है। यहां पर 25 साल से कुर्क जमीन के बंटवारे के मामले में फलोदी तहसीलदार पर दो लाख की घूस मांगने का आरोप लगाते हुए एक शख्स नौ बच्चों को तहसीलदार के ऑफिस में छोड़ आया। बोला कि 'साहब! घूस के पैसे नहीं हैं। ये बच्चे रख लो'
हुआ यूं कि जोधपुर जिले के फलोदी (नया जिला) के गांव ढढू में श्यामलाल बिश्नोई की जमीन साल 1998 में कुर्क हो गई थी। अब जमीन के बंटवारा का मामला चल रहा है। 14 किसानों के हिस्से की जमीन को चिन्हित कर दो मई को उसके कागज तैयार किए गए।
Recommended Video

कागज तैयार होने पर जमीन के बाकी 13 खातेदारों ने आरोप लगाया कि फलोदी तहसीलदार हुक्मीचंद दो लाख रुपए की घूस मांग रहा है। इस पर बुधवार शाम को श्यामलाल बिश्नोई अपने परिवार के नौ बच्चों को फलोदी तहसीलदार हुक्मीचंद के कार्यालय लेकर पहुंचा और बोला कि वह रिश्वत की राशि नहीं दे सकता। इसलिए नौ बच्चों को रख लो। जिस दिन घूस के दो लाख होंगे। उस दिन बच्चों को ले जाएगा।
श्यामलाल बिश्नोई द्वारा दो लाख की घूस के बदले नौ बच्चों को तहसीलदार ऑफिस में छोड़कर अपने गांव लौट आने की बात पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय रही। पूरा मामला देख प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। हालांकि देर रात समझाइश के बाद बच्चों को वापस गांव भेज दिया गया।
मीडिया से बातचीत में फलोदी एसडीएम अर्चना व्यास ने बताया कि जमीन बंटवारे का मामला कोर्ट में चल रहा है। मौका स्थिति बनाने के लिए दोनों पक्ष सहमत थे, लेकिन बाद में सहमति नहीं बनी। इधर, बच्चों को तहसीलदार कार्यालय में छोड़कर आने पर श्यामलाल के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत दी गई है।
इधर, जोधपुर जिला कलेक्टर हिंमाश गुप्ता ने पूरे मामले की जांच फलोदी अतिरिक्त जिला कलेक्टर को सौंपी है। वहीं, इस मामले में फलोदी तहसीलदार हुक्मीचंद का कहना है कि खातेदारों के अनुरोध पर न्यायालय ने पीडी जारी करने को कहा है। वह अभी तक नहीं जारी नहीं हुई है। रिश्तव मांगने के आरोप निराधार हैं।












Click it and Unblock the Notifications