गुड़ से भी मीठा है जोधपुर के धोनी और जम्मू कश्मीर की दुशाली का इश्क, लड़की मोहब्बत में छोड़ आई वादियां
टिक-टॉक और इंस्टाग्राम से दोस्ती के बाद प्यार परवान चढ़ा तो जम्मू कश्मीर से अपने प्रेमी से मिलने जोधपुर पहुंची प्रेमिका
जोधपुर। कहते हैं इश्क जब सिर चढ़कर बोलता है तो सारी दुनिया छोटी लगने लगती है। अपने प्रियतम से मिलने का जुनून सारी बाधाओं को पार करने की ताकत दे देता है। प्यार करने वाले जमाने की परवाह नहीं करते और एक दूसरे के लिए अपनी जान तक कुर्बान कर देते हैं और उसके साथ अपना जीवन बिताने के लिए अपनों और समाज से लड़ने के लिए भी तैयार हो जाते हैं।

जम्मू कश्मीर के कठुआ की रहने वाली है दुशाली
ऐसा की कुछ हुआ है राजस्थान के जोधपुर में, जहां सोशल मीडिया के जरिए बासनी पुलिस थाना इलाके के लड़के महेश धोनी की दोस्ती जम्मू-कश्मीर के कठुआ में रहने वाली लड़की दुशाली शर्मा से हुई और कुछ ही दिनों में दोनों में प्यार परवान चढ़ा और दोनों ने एक साथ जीने मरने की कसमें खा ली। शायद यही वजह है कि लड़की जम्मू-कश्मीर से सीधे अपने प्रेमी से शादी करने के लिए जोधपुर आ पहुंची।

महेश धोनी की उम्र शादी करने लायक नहीं
जोधपुर आने के बाद प्रेमिका को पता चला कि प्रेमी की उम्र तो अभी सेहरा बांधने लायक ही नहीं है। यानी वो 21 साल से भी छोटा है। इसके बाद दोनों कोर्ट पहुंच गए और लड़के की उम्र 21 साल नहीं होने तक दोनों को लिव इन रिलेशनशीप में रहने देने और पुलिस सुरक्षा की इजाजत मांगी। प्रेमी युगल का आरोप है कि कुछ लोग उन्हे जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।

सालभर पहले हुई थी दोस्ती
दोनों की दोस्ती करीब एक साल पहले हुई थी। फिर दोनों सोशल मीडिया के जरिए एक दूसरे के संपर्क में रहे। इस बीच लॉकडाउन हो गया और बस-ट्रेन सब कुछ बंद हो गया। लिहाजा लंबे वक्त तक दोनों के बीच मुलाकात नहीं हो पाई। इसके बाद जैसे ही सब कुछ ठीक हुआ। 29 जनवरी को प्रेमिका अपने प्रेमी से मिलने जम्मू-कश्मीर से जोधपुर की ओर चल पड़ी।












Click it and Unblock the Notifications