झारखंड में हाईवोल्टेज सियासी ड्रामा जारी, JMM-कांग्रेस चंपई सोरेन के शपथ ग्रहण पर अड़ी
Jharkhand New CM: झारखंड में ईडी के एक्शन के बाद सियासी ड्रामा हाईवोल्टेज होता जा रहा है। ईडी की कस्टडी में राजभवन पहुंचे हेमंत सोरेन ने अपने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया, जिसके बाद चंपई सोरेन को विधायक दल का नेता चुना गया है। ऐसे में अब हेमंत सोरेन की जगह झारखंड के नए सीएम चंपई सोरेन होंगे।
इस बीच सभी सत्ताधारी गठबंधनों के विधायक रांची स्थित राजभवन पहुंचे। जहां झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के विधायक राजभवन के सामने जमा हैं। JMM का कहना है कि चंपई सोरेन का शपथ ग्रहण आज ही होना चाहिए। इसी मांग को लेकर पार्टी विधायक अड़े हुए हैं।

इधर, मीडिया से बात करते हुए विधायक दल के नेता चंपई सोरेन ने कहा कि राज्यपाल से सरकार बनाने का दावा किया गया है। राज्यपाल ने जल्द बुलाने की बात कही है। उन्होंने शपथ ग्रहण का समय नहीं दिया है। उन्होंने 47 विधायकों के समर्थन का पत्र राज्यपाल को सौंपा है।
कांग्रेस नेता आलमगीर आलम ने कहा, "हेमंत सोरेन ने अपने सीएम पद से इस्तीफा दिया है और हम लोगों ने अपना दावा पेश किया। हमारे साथ 47 MLA हैं। हम लोगों ने नई सरकार बनाने का दावा पेश किया है।"
वहीं JMM सांसद महुआ माजी ने कहा, " अभी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ईडी की हिरासत में है। सीएम अपना इस्तीफा सौंपने के लिए ईडी टीम के साथ राज्यपाल के पास गए हैं। चंपई सोरेन नए मुख्यमंत्री होंगे। हमारे पास पर्याप्त संख्या है।''
दूसरी तरफ झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन के आवास से ईडी के अधिकारी रवाना हो गए हैं। इससे पहले झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा, " मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस्तीफा देने का फैसला किया है। चंपई सोरेन को विधायक दल का नया नेता चुना गया है।सभी विधायक हमारे साथ हैं।''












Click it and Unblock the Notifications