लाभ के पद का मामला: झारखंड सीएम के मामले में चुनाव आयोग ने राज्यपाल को भेजी अपनी रिपोर्ट
रांची, 25 अगस्त: बिहार और दिल्ली के सियासी घमासान के बीच अब झारखंड में भी बड़ा राजनीतिक संकट खड़ा हो सकता है। चुनाव आयोग ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के 'लाभ के पद' मामले में राज्यपाल को अपनी रिपोर्ट भेजी है। इस रिपोर्ट के आधार पर ही राज्यपाल सोरेन की विधायकी पर फैसला लेंगे। राज्य के विपक्षी दल लगातार सीएम को उनके पद से हटाने की मांग कर रहे थे। ऐसे में अब सभी को राज्यपाल के फैसले का इंतजार है।

दरअसल हेमंत सोरेन पर आरोप है कि बतौर सीएम उनके पास खनन विभाग भी था। ऐसे में उन्होंने खुद और अपने भाई के नाम पर ही खनन पट्टा जारी कर दिया। जब ईडी ने इस मामले की जांच की तो कई अन्य चीजें भी सामने आईं। इसी केस में खनन सचिव पूजा सिंघल को ईडी ने गिरफ्तार भी किया था, जिनके करीबियों के घर से करोड़ों रुपये मिले। इस केस के सामने आने के बाद बीजेपी ने राज्यपाल के सामने ये मामला उठाया था।
संविधान के मुताबिक राज्यपाल ही सिर्फ विधायकों की सदस्यता रद्द कर सकते हैं। ऐसे में उन्होंने चुनाव आयोग से इस पूरे मामले में राय मांगी। अब राजभवन ने आयोग से रिपोर्ट मिलने की पुष्टि की है। जिस पर विचार के बाद राज्यपाल सोरेन की सदस्यता पर फैसला लेंगे। मामले में बीजेपी ने कहा कि वो राज्यपाल से मांग करते हैं कि संविधान के अनुच्छेद 192 के तहत तुरंत सीएम सोरेन की विधायकी खत्म की जाए और वो मुख्यमंत्री के पद से भी इस्तीफा दें।
CM ने कही ये बात
मामले में मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि ये सब रिपोर्ट सिर्फ मीडिया में चल रही हैं, अभी तक उनको राज्यपाल के ऑफिस और चुनाव आयोग से कोई पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। वहीं सीएम ने कहा कि ऐसा लगता है कि बीजेपी के नेताओं सहित बीजेपी सांसद और उनके कठपुतली पत्रकारों ने खुद ईसीआई रिपोर्ट का मसौदा तैयार किया है। संवैधानिक प्राधिकरणों और सार्वजनिक एजेंसियों का घोर दुरुपयोग और शर्मनाक तरीके से बीजेपी मुख्यालय द्वारा इसका अधिग्रहण भारतीय लोकतंत्र में अनदेखी है।
कई जगहों पर छापेमारी
वहीं बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 100 करोड़ के अवैध खनन और जबरन वसूली के मामले में झारखंड में कई ठिकानों पर छापेमारी की है। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सहयोगी प्रेम प्रकाश के रांची स्थित घर पर भी छापे पड़े। जांच एजेंसी ने उसके घर से दो एके-47 रायफल भी बरामद कीं।











Click it and Unblock the Notifications