झारखंड चुनाव: उम्मीदवारों की घोषणा होते ही क्यों BJP नेता छोड़ रहे हैं पार्टी? हिमंत बिस्वा सरमा ने दिया जवाब?
Jharkhand Election 2024: झारखंड विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने जैसे ही 66 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, उनके कुछ नेताओं में नाराजगी दिख रही है। लुईस मरांडी समेत कुछ अन्य नेताओं के भाजपा से इस्तीफा देने की चर्चा है। इस बीच असम के मुख्यमंत्री और झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के सह प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा ने पार्टी नेताओं छोड़ने पर प्रतिक्रिया दी है।
हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, "झारखंड में इतिहास रहा है कि उम्मीदवारों की सूची घोषित होने के बाद कुछ असंतोष होता है और कुछ लोग इस्तीफा भी देते हैं। लेकिन हमें संकेत मिल रहे हैं कि लोग उत्साहित हैं और ज्यादा असंतोष नहीं है। हमारी पार्टी बड़ी है और अगर कोई असंतुष्ट है, तो हम उनसे बात करेंगे। हर पार्टी में सूची घोषित होने के 2-3 दिन बाद तक असंतोष होता है।''

ये भी पढ़ें- 'BJP की 'साजिश' के तहत...', झारखंड चुनावों को लेकर CM हेमंत की पत्नी कल्पना सोरेन ने लगाया बड़ा आरोप
परिवारवाद के आरोपों पर क्या बोले हिमंत बिस्वा सरमा?
हिमंत बिस्वा सरमा ने दावा किया है कि झारखंड में इस बार लोग एनडीए को जिताएंगे। परिवारवाद के आरोपों पर हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, '' हमारी पार्टी में कोई 'परिवारवाद' नहीं है। अर्जुन मुंडा चुनाव नहीं लड़ रहे हैं इसलिए उनकी पत्नी चुनाव लड़ रही हैं, रघुबर दास चुनाव नहीं लड़ रहे हैं, पूर्णिमा ललित दास (उनकी बहू) चुनाव लड़ रही हैं।''
ये भी पढ़ें- Jharkhand: आखिर क्यों भाजपा नाराज हैं लुईस मरांडी? हेमंत सोरेन को हराने वालीं अब JMM में हो सकती हैं शामिल!
हिमंत बिस्वा सरमा बोले-'झारखंड में भाजपा सरकार बनाएगी'
सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, ''झारखंड में अगली सरकार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की बनेगी। हमें उम्मीद है कि झारखंड में भाजपा सरकार बनाएगी।"
क्या भाजपा को अपने दम पर पूर्ण बहुमत मिलेगा? इस पर हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, "यह मेरा राज्य नहीं है, झारखंड एक अलग राज्य है। हम वहां सिर्फ मेहमान हैं और मेहमान सीमाओं के साथ बोल सकते हैं। हमारे नेता वहां बोलेंगे।" उन्होंने यह भी कहा कि जनता तय करेगी कि 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में पार्टी या एनडीए को बहुमत मिलेगा या नहीं। उन्होंने कहा, ''हालांकि, झारखंड में लोगों का जो मूड मैंने देखा है, उससे लगता है कि वहां भाजपा या एनडीए की सरकार बनेगी।''
झारखंड विधानसभा के लिए चुनाव दो चरणों में 13 और 20 नवंबर को होंगे, जबकि मतगणना 23 नवंबर को होगी। झारखंड में जेएमएम के नेतृत्व वाले गठबंधन को सत्ता से हटाने की कोशिश कर रही भाजपा ने कहा कि वह आगामी विधानसभा चुनाव आजसू पार्टी, जेडी(यू) और एलजेपी (रामविलास) के साथ गठबंधन में लड़ेगी।
ये भी पढ़ें- झारखंड चुनाव: INDIA गठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर क्यों छिड़ा घमासान? अब कांग्रेस-JMM में भी हो गई बहस!












Click it and Unblock the Notifications