Jharkhand: सीएम चंपई सोरेन पहुंचे पैतृक गांव,कहा- आदिवासियों के हक लिए निरंतर लड़ता रहूंगा
Jharkhand News: झारखंड के सीएम चंपाई सोरेन ने कहा कि आदिवासी-मूलवासी को उनका हक और अधिकार अवश्य मिलेगा और इसके लिए वह निरंतर लड़ते रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के पार्टी सुप्रीमो दिशोम गुरु शिबू सोरेन और कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने उनपर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरते हुए अधूरे कार्यों को पूरा करेंगे। उन्होंने लोगों से पूर्व की तरह प्यार, स्नेह और समर्थन बनाये रखने का अनुरोध किया।

सीएम चंपई सोरेन ने कहा कि आदिवासी-मूलवासियों के हक व अधिकार की बातें उन्हें याद है। वह उनकी मांगों को धरातल पर उतारने के लिए प्रयासरत हैं. जो जल्द ही दिखना शुरू हो जायेगा। सीएम बनने के बाद चंपाई सोरेन पहली बार सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत अपने पैतृक गांव जिलिंगगोड़ा पहुंचे थे. यहां उन्होंने यह बातें कहीं। इससे पूर्व गांव में महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाज से पांव धोकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
जिलिंगगोड़ा गांव के पूर्वी छोर पर बने हैलीपेड से मांदर, नगाड़ा और चोड़चोड़ी की थाप पर नृत्य करते हुए लोगों ने मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को घर तक पहुंचाया। सीएम दोपहर 2:18 बजे घर पहुंचे. परिवार व करीबी लोगों से मिलने के बाद 2:30 बजे रांची के लिए रवाना हो गये। सोरेन यहां मात्र 12 मिनट रुके।
इस दौरान सीएम सोरेन ने सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। वह गांव के पश्चिमी छोर पर स्थित जाहेरथान भी गए, वहां मरांगबुरू जाहेर आयो के चरणों में नतमस्तक होकर उनका आशीर्वाद लिया। वहीं उन्होंने गांव के भीतर गोसाणें (गांव के बीच में बने सरना पूजा स्थल) में जाकर माथा टेका।
यह भी पढ़ें Daily Political Update: चंपई सरकार की बड़ी जीत, UCC पर बोले सीएम धामी- 'जल्द पूरी होगी प्रतीक्षा'












Click it and Unblock the Notifications