Video: देवघर में 1,500 फीट पर पर कैसे हुआ था ropeway हादसा, दिल दहलाने वाला मंजर देखिए
देवघर, 13 अप्रैल: झारखंड के देवघर में हुए रोपवे हादसे का वीडियो सामने आया है। यह वीडियो उसी ट्रॉली में रिकॉर्ड हुआ है, जो ट्रॉली दूसरी ट्रॉली से आपस में टकराई थी और उसके बाद, पूरे रोपवे का संतुलन बिगड़ गया। इस हादसे के बाद बचाव अभियान में एयर फोर्स, एनडीआरएफ और एटीबीपी को भी दो दिन लगे हैं। इस दुर्घटना में कुल तीन लोगों की मौत हुई है और कई लोग जख्मी हैं। कुछ का तो अभी भी इलाज चल रहा है और कई मानसिक सदमे से उबर नहीं पा रहे हैं। अब जो इस दुर्घटना का वीडियो आया है उसमें दिख रहा है कि पल भर में खुशियां कैसे मातम में बदल गईं।

देवघर रोपवे हादसे का वीडियो आया सामने
रविवार को झारखंड के देवघर में त्रिकुट पहाड़ पर रोपवे में जो हादसा हुआ था, उसका एक वीडियो सामने आया है। यह वीडियो किसी और ने नहीं, बल्कि रोपवे के एक केबिन कार में सवार एक पर्यटक ने ही बनाई है। 1 मिनट10 सेकंड के इस वीडियो में शुरू के 36 सेकंड तक तो सब कुछ सामान्य दिख रहा है, लेकिन उसके बाद आंखों के सामने था तो सिर्फ मौत की आशंका में डूबा मंजर। यात्रियों की चीख-पुकार और जुबान पर बहुत ही डरे हुए अंदाज में 'जय हनुमान' की पुकार। इस वीडियो में देख रहा है कि कैसे दो ट्रॉलियां असंतुलित होकर 1,500 फीट की ऊंचाई पर आपस में टकरा गईं और फिर उसमें बैठे लोगों के पास मदद के लिए आवाज लगाने के अलावा कोई उपाय नहीं बचा था।

शुरू में वीडियो में सामान्य दिख रहा है सबकुछ
वीडियो की शुरुआत में देखने में तो सबकुछ सामान्य नजर आ रहा है। इतना जरूर है कि जिस ट्रॉली से यह वीडियो बनाया जा रहा था, वह सीधी खड़ी ऊंचाई से नीचे आ रही थी। साथ में रोपवे की कुछ आवाजें भी सुनाई पड़ रही हैं और यह जांचकर्ताओं के काम की बात है कि वह आवाज सामान्य थी या फिर आगे आने होने वाले हादसे का संकेत? लेकिन, वीडियो बनाने वाले यात्री त्रिकुट पहाड़ के मनोरम दृश्य और नीचे की हरियाली को कैमरे में कैद करने में मशगूल था और उसे जरा भी अहसास नहीं हो रहा था कि कुछ ही पल में उनका मौत से सामना होने वाला है।

एक झटके के साथ मंजर बदल गया
ठीक 37वें सेकंड में बिना किसी चेतावनी के एक बहुत तगड़े झटके से फोन हिलता है और वीडियो में कुछ भी दिखना बंद हो जाता है। वैसे फोन की रिकॉर्डिंग चालू ही रहती है। फिर पहले वाली उत्साह की जगह, जान बचाने की फरियाद ही निकलती सुनाई पड़ती है। यात्रियों में बच्चे, महिलाएं और मर्द भी शामिल हैं। इस हादसे के साथ ही रविवार की छुट्टी वाले दिन करीब 50 लोगों की जिंदगी अगले करीब दो दिनों के लिए हवा में लटक गई। ट्रॉलियां जमीन से सैकड़ों फीट ऊपर थीं और जान बच पाने की उम्मीद पल में संवरती और पल में मिटती जा रही थी।

करीब दो दिन तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
स्थानीय प्रशासन और रोपवे का संचालन करने वाली कंपनी के पास इस तरह के हादसे से बचाव के लिए पहले से किसी तरह की तैयारी नहीं थी और ना उनके पास कोई उपकरण ही था। इसलिए, एयर फोर्स, आईटीबीपी और एनडीआरएफ को रेस्क्यू के लिए बुलाना पड़ गया। इस काम में शुरू में काफी वक्त निकल गया। आखिरकार करीब दो दिनों तक चले बचाव अभियान के बाद ट्रॉलियों में फंसे लोगों को सुरक्षित जमीन पर लाया जा सका। लेकिन, बचाव के दौरान भी दो लोगों की गिरने से मौत हो गई।
देवघर रोपवे हादसे का वीडियो
यहां हादसे का जो वीडियो शेयर किया जा रहा है, उसे उत्कर्ष सिंह नाम के यूजर ने अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया है। इस हादसे के बाद बचावकर्मियों ने जिन्हें सुरक्षित निकाला है, उनका कहना है कि उनकी तो जिंदगी की आस ही टूटती जा रही थी। किसी को नहीं लग रहा था कि वह जिंदा बच सकेंगे। लेकिन, बचावकर्मियों ने अपनी जान पर खेलकर उन्हें नई जिंदगी दी है। कुछ यात्री अभी भी अस्पताल में हैं। कुछ को डिहाइड्रेशन की शिकायत है तो कई सदमे से उबर नहीं पाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications