झारखंड: हेमंत सोरेन के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद पहुंचे ED के जोनल कार्यालय, अवैध खनन मामले में हुई पूछताछ
झारखंड: हेमंत सोरेन के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद पहुंचे ED के जोनल कार्यालय, अवैध खनन मामले में हुई पूछताछ
रांची, 03 अगस्त: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद श्रीवास्तव उर्फ पिंटू आज यानी बुधवार 03 अगस्त को ईडी कार्यालय पहुंचे। जहां ईडी यानी प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने अवैध खनन मामले में उनसे पूछताछ की। ऐसा बताया जा रहा है कि इस मामले में उनकी कभी भी गिरफ्तारी हो सकती है। इससे पहले ईडी ने उन्हें एक अगस्त को समन जारी कर रांची स्थित ईडी कार्यालय में उपस्थित होने के लिए कहा था। लेकिन वो दो दिनों तक ईडी कार्यालय नहीं पहुंचे।

इसके बाद ईडी ने फिर से समन जारी कर उन्हें उपस्थित होने के लिए कहा। जिसके बाद अभिषेक आज यानी तीन अगस्त को करीब 12 बजे ईडी कार्यालय पहुंचे। जहां उनसे अवैध खनन मामले में पूछताछ हुई। आपको बता दें कि 19 जुलाई को ईडी ने पंकज मिश्रा को गिरफ्तार किया था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में अभिषेक श्रीवास्तव का नाम सामने आया था। इसके बाद ही ईडी ने अभिषेक श्रीवास्तव को नोटिस भेजने का फैसला लिया था।
ईडी के अधिकारियों के मुताबिक, अबतक राज्य में साहिबगंज के इलाके में ही 100 करोड़ से अधिक की अवैध कमाई का मामला केवल खनन के जरिए होने की बात सामने आई है। ईडी ने बताया था कि तत्कालीन खनन सचिव के पास से जब्त 19.76 करोड़ में बड़ा हिस्सा कई राजनेताओं और ब्यूरोक्रेट्स से जुड़ा था। पंकज मिश्रा की गिरफ्तारी के बाद ईडी को दाहू यादव और बच्चू यादव के बारे में पता छा। ईडी ने दोनों को पूछताछ के लिए तलब कर रखा है। तो वहीं, ईडी अभिषेक प्रसाद को इस मामले में गिरफ्तार करती है तो सीएम हेमंत सोरेन की मुश्किलें भी बढ़ सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications