झारखंडः गढ़वा में मां और दो बेटे की निर्ममता से हत्या, आधे किलोमीटर दूर पति कर रहा था मजदूरी
गढ़वा। झारखंड के गढ़वा जिले के थाना क्षेत्र के जाटा गांव के बेल टोला में बीते सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी गई। मृतकों में मां और दो बेटे शामिल हैं। मृतकों की शिनाख्त गांव निवासी सत्यदेव रजक की पत्नी शोभा देवी (30 वर्ष), पुत्र रंजीत रजक (8 वर्ष) और अभिषेक रजक (6 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के वक्त घर में मां और दोनों बच्चे ही मौजूद थे।

परिवार के अन्य सदस्य स्कूल के समीप बन रहे नए मकान के काम में लगे हुए थे। देर शाम जब सत्यदेव रजक अपनी मां दौलतिया देवी के साथ घर लौटा, तो पत्नी और दोनों बेटों का शव घर के अलग-अलग कमरों में खून से लथपथ पड़ा हुआ देखा। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग शोर सुनकर घटनास्थल पर एकत्रित हो गए। तब गांववालों को घटना के बारे में जानकारी मिली।
पति सत्यदेव रजक ने बताया कि वे लोग अपने घर से आधा किमी दूर स्कूल के पास नया घर बनाने का काम कर रहे थे। इधर, पत्नी और दोनों बच्चे घर में थे. जब शाम को काम से घर लौटे तो तीनों की घर में खून से सनी लाश देखी। सूचना मिलते ही गढ़वा थाने की पुलिस गांव पहुंचकर घटना की छानबीन की। तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं ट्रिपल मर्डर केस को लेकर गढ़वा थानाप्रभारी ने बताया कि मां और दो बच्ची की घर में हत्या कर दी गई। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। जल्द ही घटना का खुलासा हो जाएगा। घरवालों और गांववालों से पूछताछ कर पुलिस सबूत जुटाने में लगी हुई है। हालांकि घरवाले इस सिलसिले में कुछ भी बताने में असमर्थता जता रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications