जज उत्तम आनंद हत्या केसः CBI ने हाईकोर्ट में कहा- अहम सुराग हाथ लगे हैं, अगले हफ्ते हो सकता है खुलासा
रांची। झारखंड के धनबाद जिले के जज उत्तम आनंद की हत्या के मामले में सीबीआई को कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिसकी जानकारी सीबीआई ने हाईकोर्ट को दी है। हाईकोर्ट में सीबीआई ने बताया है कि इस दिशा में जांच शुरू कर दी गई है। हर बिंदू पर जांच की जा रही है। वहीं इस बयान के बाद चीफ जस्टिस डॉ. रवि रंजन और जस्टिस सुजीत नारायण की अदालत ने सीबीआई को अगले सप्ताह रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है।

वहीं प्रदेश के एफएसएल को अपग्रेड करने के मामले में राज्य सरकार ने हाईकोर्ट में जवाब दाखिल करते हुए कहा कि अगले 6 माह में अपग्रेड करने के लिए फंड जारी कर दिया जाएगा। इस पर कोर्ट ने नाराजगी जाहिर करते हुए सरकार के जवाब को नामंजूर कर दिया और कहा कि हमें ठोस परिणाम चाहिए। इसके अलावा हाईकोर्ट ने जेपीएससी और जेएसएससी पर भी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि रिक्त पदों को भरने के लिए तेजी दिखाएं। कुंभकर्ण की तरह नहीं सोएं। तीन माह में सभी रिक्तियों को भरे, नहीं तो अदालत सख्त आदेश जारी करेगी।
बता दें कि राज्य के सारे मोबाइल लैब पुराने हो गए हैं। एक भी काम नहीं कर रहा है। एसे में एफएसएल भी सही तरीके से काम नहीं कर रहा है। अदालत ने अगली सुनाई को गृह विभाग के प्रधान सचिव और एफएसएल निदेशक को ठोस योजना बनाकर अदालत में पेश करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने कहा कि जरूरत पड़ी तो अधिकारी रात भर जाग कर काम करें।
बता दें कि पिछली सुनवाई के दौरान सीबीआई के ज्वाइंट डायरेक्टर ने हाईकोर्ट में स्वीकार किया था कि जज को जानबूझकर टक्कर मारी गई थी। लेकिन इसकी साजिश रचने वालों तक सीबीआई जल्द पहुंचेगी। उन्होंने स्वीकार किया कि पकड़े गए दो आरोपितों में से एक प्रोफेशनल मोबाइल चुराने वाला है। वह बहुत चालाक है और जांच एजेंसी को हर बार नई कहानी बताकर गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications