कांग्रेस विधायक का दावा-RPN सिंह बीजेपी के साथ मिलकर झारखंड सरकार गिराने की कोशिश में थे
रांची, 25 जनवरी: राहुल गांधी की कोर टीम का हिस्सा रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। आरपीएन सिंह कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो रहे हैं। आरपीएन सिंह को कांग्रेस ने झारखंड का इंचार्ज बनाया था। अब कांग्रेस छोड़ने के बाद आरपीएन सिंह पर झारखंड़ कांग्रेस की एक विधायक ने गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस विधायक ने दावा किया कि, आरपीएन सिंह बीजेपी के साथ मिलकर झारखंड सरकार गिराने की कोशिश में थे।

झारखंड में कांग्रेस की एक विधायक अंबा प्रसाद ने ट्वीट कर आरपीएन सिंह पर आरोप लगाया है कि पिछल एक साल से ज्यादा से बीजेपी के साथ सांठ-गांठ कर आरपीएन सिंह जी झारखंड की कांग्रेस-जेएमएम सरकार को अपदस्थ कराने की कोशिश कर रहे थे। पार्टी नेतृत्व को लगातार इस बारे में आगाह भी किया गया था। इनके बीजेपी जाने से झारखंड का हर सच्चा कांग्रेसी खुश है।

आरपीएन सिंह के कांग्रेस से त्यागपत्र देने पर झारखंड में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर की प्रतिक्रिया आई है। राजेश ठाकुर ने कहा कि ये दुखद है, लेकिन कई प्रभारी आते हैं, चले जाते हैं, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। राजेश ठाकुर ने कहा कि आरपीएन सिंह ने सोच समझकर ही ये फैसला किया होगा। उन्होंने कहा- हम कांग्रेस के सच्चे सिपाही हैं। हम यही रहेंगे और यहीं मरेंगे। हमारा मानना है कि उनका फैसला गलत है।
इससे पहले उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना त्यागपत्र भेज दिया था। उन्होंने ट्वीट किया था कि, आज, जब पूरा राष्ट्र गणतन्त्र दिवस का उत्सव मना रहा है, मैं अपने राजनैतिक जीवन में नया अध्याय आरंभ कर रहा हूँ। ऐसी भी रिपोर्टें हैं कि वे पडरौना से बीजेपी के उम्मीदवार हो सकते हैं। पडरौना में आरपीएन सिंह को राजा साहब कहा जाता है।












Click it and Unblock the Notifications