झांसी: खनन माफिया ने SHO को गोली मारकर लूटी कार, पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया
झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में रविवार की सुबह पुलिस ने मोंठ थाना प्रभारी पर हमला करने वाले खनन माफिया को एनकाउंटर में मार गिराया। पुलिस ने खनन माफिया के लूटी गई कार और एक अवैध तमंचा भी बरामद किया है। दरअसल, शनिवार देर रात खनन माफिया ने मोंठ थाने में तैनात थानाध्यक्ष को गोली मार दी। इतना ही नहीं आरोपी मौके पर अपनी बाइक छोड़ थाना प्रभारी की निजी कार लूटकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, झांसी के मोंठ थानाध्यक्ष धर्मेंद्र दो दिन पहले छुट्टी पर अपने घर कानपुर गए थे। शनिवार की रात वह कानपुर से अपनी कार से मोंठ आ रहे थे। खनन माफिया ने रास्ते में उनको फोन कर कहा कि वह मिलना चाहता है। इस पर इंस्पेक्टर ने मोंठ से पहले हाइवे पर मिलने के लिए कहा। जैसे ही वहां कार से इंस्पेक्टर पहुंचे खनन माफिया ने फायरिंग कर दी। गोली उनके बगल से निकल गई। इसके बाद माफिया और उसके साथी ने इंस्पेक्टर पर हमला कर दिया।
घटना की जानकारी पाकर डीआईजी सुभाष सिंह बघेल, एसएसपी डॉ. ओपी सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक देहात राहुल मिठास समेत कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गई। वारादत के पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी। इसी दौरान मोंठ इंस्पेक्टर पर गोली चलाने वाले आरोपी खनन माफिया पुष्पेंद्र यादव की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। गुरसराय इलाके में पुलिस को देखकर पुष्पेंद्र ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से पुष्पेंद्र घायल हो गया। घायल आरोपी को लेकर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं, एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि दो दिन पहले मोंठ इंस्पेक्टर ने एक बालू माफिया की गाड़ी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सीज कर दी थी। इसके बाद बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया है। वहीं, इंस्पेक्टर की हालत स्थिर बताई जा रही है। एसएसपी ने जानकारी देते हुए बताया कि गोली इंस्पेक्टर के गाल को छूते हुए निकल गई।












Click it and Unblock the Notifications