'मैं पीएम मोदी से दिन में मिलूंगा, रात में क्यों मिलूंगा?' गुलाम नबी के आरोपों पर क्या बोले फारूक अब्दुल्ला?
Farooq Abdullah on Ghulam Nabi Azad's claim: डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी (DPAP) के अध्यक्ष और पूर्व कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद के एक दावे से जम्मू-कश्मीर की राजनीति गर्मा गई है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस पार्टी के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला पर पीएम मोदी और केंद्रीय मत्रियों के साथ सीक्रेट मीटिंग करने का आरोप लगाया है। जिस पर अब खुद फारूक अब्दुल्ला का रिएक्शन आया है।
दरअसल, गुलाम नबी आजाद ने कहा था दिल्ली में सूत्रों के जरिए पता चला है कि वह (फारूक अब्दुल्ला) केंद्रीय नेतृत्व से मिलने की कोशिश करते हैं, वह भी सिर्फ रात में। इस बयान के बाद अब फारूक अब्दुल्ला ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।

आजाद के दावों का किया खंडन
नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने गुलाम नबी आजाद के उस दावे का खंडन किया है कि वह सार्वजनिक जांच से बचने के लिए रात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मिलने की कोशिश करते हैं।
जानिए क्या बोले अब्दुल्ला
न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए फारूक अब्दुल्ला ने कहा, "अगर मुझे पीएम मोदी या केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलना है तो मैं उनसे दिन में मिलूंगा, मैं उनसे रात में क्यों मिलूंगा? क्या कारण है कि उन्होंने फारूक अब्दुल्ला को बदनाम करने की सोची है?"
अपने एजेंट के नाम बताएं आजाद-फारुक
अब्दुल्ला ने आगे कहा कि जब कोई उन्हें राज्यसभा की सीट नहीं देना चाहता था, तब मैंने ही उन्हें राज्यसभा की सीट दी थी, लेकिन आज वह यह सब कह रहे हैं। उन्हें उनके एजेंट के नाम बताने चाहिए , जो पीएम और केंद्रीय गृह मंत्री के आवास पर बैठे हैं। उन्हें लोगों को बताना चाहिए ताकि वे सच्चाई समझ सकें।
आपको बता दें कि एक टीवी इंटरव्यू में गुलाम नबी आजाद ने फारूक अब्दुल्ला पर "दोहरेपन" का आरोप लगाया था। आजाद ने दावा किया कि फारूक अब्दुल्ला और उनके बेटे उमर ने 2014 में भाजपा के साथ गठबंधन बनाने के लिए सोचे-समझे प्रयास किए थे। इतना ही नहीं आजाद ने सीक्रेट मीटिंग करने का भी दावा किया।












Click it and Unblock the Notifications