पहलगाम हमले के बाद बारामूला में मुठभेड़, दो आतंकवादी ढेर, घुसपैठ की बड़ी कोशिश नाकाम
Baramulla News: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के ठीक एक दिन बाद बारामूला (Baramulla) जिले में भारतीय सुरक्षाबलों ने घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दिया। इस दौरान एनकाउंटर में दो आतंकवादियों को मार गिराया। यह मुठभेड़ मंगलवार देर रात उरी नाला के सरजीवन क्षेत्र में हुई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुरक्षाबलों की टीम ने आंतकियों के पास से हथियार, गोला-बारूद बराम किया गया है।भारतीय सेना की चिनार कोर ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि दो से तीन आतंकवादी नियंत्रण रेखा (LoC) पार कर भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे।

तभी सुरक्षाबलों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आंतकियों को घेर लिया। इस दौरान हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए, जबकि इलाके में तलाशी अभियान अब भी जारी है। सेना ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और अन्य युद्ध संबंधी सामग्री बरामद की गई है। सुरक्षाबलों की सतर्कता के चलते एक और बड़ी घटना को टाल दिया गया।
यह मुठभेड़ उस वक्त हुई जब पूरे देश में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में सोमवार को हुए आतंकवादी हमले की वजह से गहरा शोक है। इस हमले में 26 लोग मारे गए और दर्जनों घायल हुए। हमलावरों ने बैसरन के घास के मैदान में अचानक हमला कर दिया, जो 'मिनी स्विट्जरलैंड' के नाम से जाना जाता है और पर्यटकों में बेहद लोकप्रिय है।
हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी सऊदी अरब यात्रा बीच में छोड़कर बुधवार सुबह दिल्ली लौटने का निर्णय लिया। वह क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के निमंत्रण पर दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर थे, लेकिन हालात की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने अपना कार्यक्रम छोटा किया और दिल्ली पहुंचकर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से बैठक की।
इस दौरान पीएम मोदी ने पहलगाम हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा, 'यह जघन्य कृत्य न केवल निर्दोष लोगों के जीवन पर हमला है, बल्कि हमारे देश की शांति और एकता को चुनौती देने की कोशिश भी है। हम इस हमले के दोषियों को न्याय के कटघरे में लाकर ही दम लेंगे। आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई अडिग है और इससे और मजबूत होगी।'
उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। बता दें कि इस घटना के बाद पूरे देश में शोक की लहर है। वहीं जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। सुरक्षाबल सीमावर्ती इलाकों में सतर्क निगरानी रख रहे हैं, ताकि किसी भी प्रकार की घुसपैठ या आतंकी हरकत को रोका जा सके।












Click it and Unblock the Notifications