जम्मू-कश्मीर: पुलवामा में पुलिस पार्टी पर आतंकियों ने फेंका ग्रेनेड, 3 लोग घायल
श्रीनगर, 14 सितंबर: जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में मेन चौक पर पुलिस पार्टी पर आतंकवादियों ने ग्रेनेड फेंका कर हमला कर दिया। इस आतंकी हमले में तीन नागरिकों के घायल होने की खबर सामने आई है। आतंकी हमले के बाद मौके पर पुलिस बल पहुंच गया है। वहीं आतंकियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक जब पुलिस पार्टी मेन चौक पर तैनात थी तो छिपकर आए दहशतगर्दों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाते हुए उन पर ग्रेनेड फेंक दिया। इस दौरान ग्रेनेड सड़क पर ही फट गया, जिसकी चपेट में आकर तीन नागरिक घायल हो गए, जिनको इलाज के लिए आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया। इधर, आतंकियों की तलाश में इलाके में सुरक्षा बलों ने घेराबंद कर दी है और उनकी तलाश की जा रही है।
दरअसल, मौजूदा वक्त में जम्मू-कश्मीर की शांति देखकर आतंकी बौखलाए हुए हैं, जिसके चलते अब वो छिपकर सुरक्षा बलों को अपना निशाना बना रहा हैं। सेना के साथ सीधे हमले में मुंह की खाने के बाद अब आतंकी जवानों को नुकसान पहुंचाने अपने मंसूबों से ग्रेनेड हमला कर रहे हैं। इधर, डीजीपी दिलबाग सिंह के अनुसार कश्मीर में कायम शांति के माहौल ऐसा ही रखने के लिए पुलिस आतंकियों और उनके समर्थकों के खिलाफ सख्त एक्शन लेगी।
आपको बता दें कि इससे पहले 13 सितंबर को आतंकियों की बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए श्रीनगर में एनएच-44 पर रेत की बोरी में 6 चाइनीज ग्रेनेड मिले थे। सीआरपीएफ के मुताबिक ये बोरी दैनिक अभ्यास के दौरान डिवाइडर के पास पर मिली थी, जिनको बाद में निष्क्रिय कर दिए गए थे। वहीं इससे पहले आतंकियों ने श्रीनगर के खानयार इलाके में एक पुलिसकर्मी को गोली मार दी थी।












Click it and Unblock the Notifications