Anantnag Encounter: अनंतनाग में आतंकियों से मुठभेड़ में कर्नल-मेजर और DSP शहीद, एनकाउंटर जारी
Jammu Kashmir Encounter: जम्मू-कश्मीर में सेना और पुलिस लगातार आतंकियों का खात्मा करने के लिए ऑपरेशन चला रही है। राजौरी में दो आतंकियों को ढेर करने के बाद बुधवार को दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है।
कश्मीर पुलिस जोन ने जानकारी देते हुए बताया कि अनंतनाग के कोकेरनाग इलाके में मुठभेड़ जारी है, हालांकि पहले सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के अधिकारियों के घायल होने की सूचना थी, जिसके बाद अब शहीद होने की खबर मिली है।

कर्नल-मेजर और DSP शहीद
अनंतनाग में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में कर्नल, मेजर और DSP सहित तीन अधिकारियों को शहादत मिली है। कर्नल मनप्रीत सिंह 19 राष्ट्रीय राइफल्स में तैनाते थे और वह कमांडिंग ऑफिसर थे। वहीं मेजर आशीष और जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीएसपी हुमायूं भट्ट शहीद हो गए।
भारतीय सेना के अधिकारी की ओर से जानकारी देते हुए बताया गया है कि कश्मीर के अनंतनाग में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में राष्ट्रीय राइफल्स यूनिट के कमांडिंग कर्नल और एक मेजर शहीद हो गए। अधिकारी 19 आरआर की कमान संभाल रहे थे।
वहीं मुठभेड़ में जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक अधिकारी की भी जान चली गई। विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर इलाके में आतंकवादियों की तलाश के लिए निकले सेना के अधिकारी सामने से जवानों का नेतृत्व कर रहे थे।
बुधवार दोपहर शुरू हुई मुठभेड़ में पहले सेना के 2 जवान और एक पुलिसकर्मी के घायल होने की खबर सामने आई थी। दरअसल, कोकरनाग में सेना और पुलिस मिलकर सर्च ऑपरेशन चला रही थी, इसी दौरान छापेमारी में आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद सेना ने भी जवाबी फायरिंग शुरू कर दी।
राजौरी में दो आतंकी ढेर
इससे पहले मंगलवार (12 सितंबर) को राजौरी में सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई थी, जिसमें दो आतंकियों को ढेर कर दिया है। बुधवार को एडीजीपी जम्मू मुकेश सिंह ने बताया कि राजौरी के नरला इलाके में चल रही मुठभेड़ में दूसरे आतंकवादी को मार गिराया गया है।
अब तक 26 आतंकी को लगाया ठिकाने
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस साल में अब तक 26 आतंकियों को मार गिराया गया है। राजौरी-पूंछ जिले में सुरक्षबलों ने 26 आतंकियों को ढेर किया है। वहीं 10 सुरक्षाकर्मी भी शहीद हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications