Rajnath Singh J&K visit: राजनाथ सिंह का जम्मू-कश्मीर दौरा, हालात सामान्य,जानें घाटी में क्या-क्या खुला
Rajnath Singh Jammu Kashmir visit: ऑपरेशन सिंदूर के बाद जम्मू कश्मीर के हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं और जन जीवन पटरी पर लौट रहा है। इस बीच केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार, 15 मई को जम्मू-कश्मीर के दौरे पर हैं।
यह हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन "सिंदूर" के बाद उनका पहला दौरा है इस दौरान राजनाथ सिंह श्रीनगर में तैनात सशस्त्र बलों के जवानों से मुलाकात करेंगे और स्थिति का जायजा लेंगे।

हाल ही में हुए ऑपरेशन "सिंदूर" और भारत-पाकिस्तान के बीच युद्धविराम समझौते के बाद जम्मू-कश्मीर में जनजीवन धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति लौट रही है और लोग अब सामान्य जीवन की ओर लौट रहे हैं।
Jammu Kashmir Update: : सीमावर्ती जिलों में स्कूल फिर से खुलेंगे
जम्मू के स्कूल शिक्षा निदेशालय ने बुधवार को घोषणा की कि सीमावर्ती क्षेत्रों में बंद स्कूलों को 15 मई से दोबारा खोला जाएगा। भारत और पाकिस्तान के बीच हुई हालिया झड़पों के चलते इन क्षेत्रों में स्कूल बंद कर दिए गए थे।
किन-किन क्षेत्रों में खुलेंगे स्कूल
- जम्मू जिला: चौकी चौरा, भलवाल, डंसर, गांधी नगर और जम्मू ज़ोन में स्कूल खुलेंगे।
- सांबा जिला: विजयपुर क्षेत्र में स्कूल फिर से शुरू होंगे।
- कठुआ जिला: बरनोटी, लखनपुर, सल्लन और घगवाल ज़ोन में स्कूल खुलने जा रहे हैं।
- राजौरी जिला: पीरी, कालाकोट, थानामंडी, मोगला, कोटरंका, खवास, लोअर हाथल और डारहाल क्षेत्रों में स्कूल खुलेंगे।
- पुंछ जिला: सुरनकोट और बफ्लियाज़ क्षेत्रों में भी स्कूल दोबारा शुरू होंगे।
Jammu Kashmir Update: वैष्णो देवी के लिए हेलिकॉप्टर सेवा बहाल
कटरा से श्री माता वैष्णो देवी मंदिर तक की हेलिकॉप्टर सेवा भी बुधवार से फिर से शुरू कर दी गई है। यह सेवा पिछले एक सप्ताह से भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के कारण स्थगित थी। अब स्थिति सामान्य होने के चलते श्रद्धालु फिर से इस सेवा का लाभ ले सकेंगे।
Jammu Kashmir Update: आतंकी विरोधी अभियान में तेजी
भारतीय सेना ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद आतंकियों के खिलाफ अपना अभियान और तेज कर दिया है। मंगलवार को दक्षिण कश्मीर के शोपियां में हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े तीन आतंकियों को मार गिराया गया। सूत्रों के अनुसार मारे गए आतंकियों में से दो की पहचान हो चुकी है।
एक आतंकी की पहचान शाहिद कुट्टे के रूप में हुई है, जो मोहम्मद यूसुफ कुट्टे का बेटा और शोपियां के छोटीपोरा हीरपोरा का निवासी था। वह लश्कर का 'कैटेगरी ए' ऑपरेटिव था और 8 अप्रैल 2024 को श्रीनगर के डेनिश रिसॉर्ट पर हुए फायरिंग हमले में शामिल था। इस हमले में दो जर्मन पर्यटक और एक ड्राइवर घायल हुए थे। शाहिद ने 8 मार्च 2023 को आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा को जॉइन किया था।
जम्मू-कश्मीर में स्थिति अब धीरे-धीरे सामान्य होती जा रही है। सरकार और सुरक्षा बलों की संयुक्त कोशिशों से सीमावर्ती क्षेत्रों में जीवन पटरी पर लौट रहा है। राजनाथ सिंह का दौरा इस दिशा में एक अहम कदम है, जिससे सुरक्षा बलों का मनोबल बढ़ेगा और आम लोगों को भरोसा मिलेगा कि सरकार उनके साथ है।












Click it and Unblock the Notifications