कश्मीर में 5 दिन के अंदर 7 नागरिकों की हत्या, प्रियंका गांधी बोलीं- ये दर्दनाक और निंदनीय
नई दिल्ली, अक्टूबर 08। लखीमपुर खीरी की घटना को लेकर बीजेपी की सरकार के खिलाफ मोर्च खोलने वालीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कश्मीर में हो रही हत्याओं की भी कड़ी निंदा की है। शुक्रवार को एक ट्वीट कर प्रियंका गांधी ने कहा कि आतंकियों द्वारा हमारे कश्मीरी बहनों-भाइयों पर बढ़ते हमले दर्दनाक और निंदनीय हैं। इस मुश्किल घड़ी में हम सब अपने कश्मीरी बहनों-भाइयों के साथ हैं। प्रियंका ने इस दौरान केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि घाटी में तुरंत नागरिकों की सुरक्षा को लेकर कदम उठाए जाएं, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Recommended Video
घाटी में 5 दिन के अंदर 7 नागरिकों की मौत
आपको बता दें कि जम्मू कश्मीर में पिछले 5 दिनों के अंदर आतंकियों ने 7 स्थानीय नागरिकों को मौत के घाट उतार दिया है। इनमें अधिकतर हिंदू समुदाय के लोग हैं। गुरुवार को भी श्रीनगर के ईदगाह इलाके के एक सरकारी स्कूल में आतंकियों ने 2 महिला टीचरों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इनमें एक स्कूल की प्रिंसिपल थी। वहीं बुधवार को श्रीनगर में आतंकियों ने एक फेरीवाले की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना लालबाजार के मदीना चौक के पास हुई जहां आतंकवादियों ने बिहार के वीरेंद्र पासवान को गोलियों से भून दिया था।
घाटी में हो रहे हमलों को लेकर सवालों के कटघरे में सरकार
कश्मीर में बढ़ते आतंकी हमले और नागरिकों की हत्या की घटनाओं को लेकर केंद्र सरकार सवालों के घेरे में है। विपक्षी पार्टियों के अलावा पूर्व अधिकारी भी सरकार से सवाल पूछ रहे हैं। पूर्व IAS सूर्य प्रताप सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल करते हुए कहा है कि सरकार ने आर्टिकल 370 को जब हटाया था तो ये दावा किया था कि आतंकवाद कम होगा, लेकिन पिछले कुछ दिनों में जिस हिसाब से कश्मीरियों को मारा जा रहा है, उससे लगता है कि सरकार ने जो कहा था वो सिर्फ एक जुमला था।












Click it and Unblock the Notifications