'कश्मीर पाकिस्तान नहीं बनेगा', कभी पाक से बातचीत की वकालत करने वाले फारुख अब्दुल्ला के बदले मिजाज
जम्मू कश्मीर में आर्टिकल 370 के खत्म होने के बाद यहां की राजनीति में अहम बदलाव देखने को मिल रहे हैं। हाल ही में हुए चुनाव में यहां कांग्रेस और नेशनल कांन्फ्रेंस के गठबंधन ने जीत दर्ज की और उमर अब्दुल्ला दूसरी बार यहां के मुख्यमंत्री बनें। इस बीच नेशनल कांन्फ्रेंस के मुखिया फारुक अब्दुल्ला का बड़ा बयान सामने आया है, उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि जम्मू कश्मीर को पाकिस्तान नहीं बनने देंगे।
अहम बात है कि फारुक अब्दुल्ला ही वो नेता हैं जिन्होंने कुछ समय पहले पाकिस्तान से बातचीत की वकालत की थी और कहा था कि पड़ोसी देश से बेहतर संबंध होने जरूरी हैं। लेकिन जिस तरह से घाटी की हवा में बदलाव देखने को मिल रहा है, उस बदलाव को खुद फारुक अब्दुल्ला भी महसूस करते नजर आ रहे हैं।

यही वजह है कि हवा के रूख के साथ चलते हुए अब फारुक अब्दुल्ला ने खुलकर पाकिस्तान की खिलाफत की है और स्पष्ट तौर पर कहा है कि वह जम्मू कश्मीर को पाकिस्तान नहीं बनने देंगे।
कश्मीर किसी भी कीमत पर पाकिस्ता नहीं बनेगा
फारुक अब्दुल्ला ने कहा कि कश्मीर किसी भी कीमत पर पाकिस्तान नहीं बनेगा। पाकिस्तान से तबतक कोई बातचीत संभव नहीं है जबतक कि वह आतंकवाद को बढ़ावा देना बंद नहीं कर देता है। अगर पाकिस्तान, भारत के साथ अच्छे संबंध चाहता है तो उसे आतंकवाद को बढ़ावा देना बंद करना होगा, इसी में पाकिस्तान की भलाई है।
आतंकी हमले पर जताया दुख
दरअसल जम्मू कश्मीर के गांदेरबाल में कंस्ट्रक्शन कंपनी के सात कर्मचारियों की आतंकियों ने हत्या कर दी, जिसपर फारुक अब्दुल्ला ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कश्मीर पाकिस्तान नहीं बनेगा। बता दें कि जिन सात कर्मचारियों की मौत हुई है उसमे से अधिकतर बाहर के हैं।
आतंकियों ने 7 लोगों को उतारा मौत के घाट
रविवार को बंदूकधारी आतंकियों ने यहां कर्मचारियों पर गोलियां बरसाई थी, जिसमे 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए थे। घायलों का शेर ए कश्मीर इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में इलाज चल रहा है।
पत्रकारों से बात करते हुए फारुक अब्दुल्ला ने कहा कि गरीब मजदूर जो अपनी आजीविका के लिए कड़ी मेहनत करते हैं, उन्होंने इस हमले में अपनी जान गंवा दी है। हमारे एक डॉक्टर की भी इस हमले में मौत हुई है। आखिर आतंकी ये करके क्या हासिल कर लेंगे। क्या उन्हें लगता है कि ये करके वो यहां पाकिस्तान बना देंगे।
पाकिस्तान सरकार को दो टूक
फारुक ने कहा कि हम हर संभव प्रयास कर रहे हैं कि हिंसा का यहां अंत हो और हम आगे बढ़े। मैं पाकिस्तान की सरकार को कहना चाहता हूं कि अगर वो भारत से अच्छे संबंध चाहते हैं तो उन्हें ये सब रोकना होगा।
कश्मीर पाकिस्तान नहीं बनेगा, हमे सम्मान और समृद्धि के साथ जीने दीजिए। इस तरह के हमलों का हम सभी पर असर होता है। समय आ गया है कि आतंकवाद का खात्मा हो। आखिर निर्दोष लोगों की हत्या के बाद कैसे बात हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications