अमरनाथ यात्रा के लिए जल्द शुरु होगा श्रद्धालुओं का रजिस्ट्रेशन, एलजी मनोज सिन्हा ने दिए संकेत
नई दिल्ली, फरवरी 18। कोरोना महामारी के कारण पिछले 2 साल से स्थगित की जा रही अमरनाथ यात्रा के इस साल होने की संभावना है। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस बात के संकेत दिए हैं। NDTV की खबर के मुताबिक, एलजी मनोज सिन्हा ने कहा है कि प्रदेश के अंदर कोरोना के मामले अब तेजी से कम हो रहे हैं, ऐसे में उम्मीद की जा सकती है कि इस साल अमरनाथ की यात्रा होगी।

स्थिति की समीक्षा के बाद शुरु होगा रजिस्ट्रेशन
जम्मू-कश्मीर के अमरनाथ मंदिर की वार्षिक हिंदू तीर्थयात्रा अमरनाथ यात्रा को कोरोना महामारी के कारण 2020 और 2021 में रद्द कर दिया गया था। ऐसे में इस यात्रा का फिर से शुरू होना शिव भक्तों के लिए बहुत अच्छी खबर है। मनोज सिन्हा ने कहा है कि आने वाले दिनों में प्रशासन पहले कोविड स्थिति की समीक्षा करेगा। इसके बाद जल्द ही श्रद्धालुओं का रजिस्ट्रेशन प्रोसेस शुरु होगा।
प्रशासन ने शुरु की जमीनी तैयारी
रिपोर्ट के मुताबिक, जम्मू कश्मीर में प्रशासन ने यात्रा की तैयारी के लिए कुछ जमीनी काम भी शुरू कर दिया है। गृह मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, "ऑक्सीजन बूथ और टेस्टिंग सुविधाएं की जा रही व्यवस्थाओं पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।" अधिकारी ने कहा, "बैठकें आयोजित की जा रही हैं जिनमें महत्वपूर्ण जंक्शन पुलियों पर सड़कों को चौड़ा करने पर जोर दिया जा रहा है।"
27 जून से शुरू हो सकती है यात्रा
अधिकारियों के मुताबिक, अमरनाथ यात्रा की व्यवस्था में शामिल सभी विभाग अप्रैल के पहले सप्ताह से योजनाओं को क्रियान्वित करना शुरू कर देंगे और 15 मई तक सभी तैयारी पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। आपको बता दें कि अगर अमरनाथ यात्रा को मंजूरी मिलती है तो ये यात्रा 27 जून से शुरू होगी और 11 अगस्त को ये यात्रा समाप्त होगी।












Click it and Unblock the Notifications