श्रीनगर आतंकी हमले में बड़ा अपडेट, जवानों की बस नहीं थी बुलेट प्रूफ, ना ही पास में थे हथियार
श्रीनगर, 13 दिसंबर: घाटी में लगातार आतंकियों को खत्म करने का सेना का ऑपरेशन जारी है। सेना की कार्रवाई से बौखलाए आतंकियों ने सोमवार को बड़े आतंकी हमले को अंजाम दिया है। आर-पार की लड़ाई में मुंह की खाने के बाद अब दहशतगर्दों ने छुपकर हमला किया है। श्रीनगर के पंथा चौक इलाके में जेवान के पास एक पुलिस वाहन पर आतंकियों ने अंधाधुंद फायरिंग कर दी। आतंकियों ने शाम को सुरक्षा बलों पर हमला किया। इस आतंकी हमले में 12 जवान घायल हुए है, जबकि दो जवानों के शहीद होने की खबर है।

कश्मीर जोन पुलिस ने हमले की जानकारी देते हुए बताया कि सभी घायल कर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं घायल पुलिसकर्मियों में एक एएसआई और एक सिलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल शहीद हो गया। फिलहाल इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक जिस बस में सभी जवान सवार थे, वो गाड़ी बुलेटप्रूफ नहीं थी और यह भी बताया जा रहा है कि उनके पास हथियार भी नहीं थे।
वहीं श्रीनगर आतंकी हमले की जगह से वायरल तस्वीरें सामने आई हैं। तस्वीरों का सोर्स की जानकारी नहीं है, लेकिन पुलिस सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार जम्मू-कश्मीर सशस्त्र पुलिस बल की 9वीं बटालियन की बस को आतंकियों ने अपना निशाना बनाया है। जैसे की आंतकियों ने गोलियां बरसाना शुरू किया, पूरे इलाके में दहशत मच गई। गोलियों की आवाज से पूरा एरिया दहल उठा। गाड़ी में बैठे जवानों को कोई भी हरकत करने का मौका नहीं मिला।












Click it and Unblock the Notifications