Jammu Kashmir Encounter: जैश कमांडर सैफुल्लाह समेत 3 PAK आतंकी ढेर, तहव्वुर की गर्दन दबोचने के बाद कामयाबी
Jammu Kashmir Encounter: भारत ने 26/11 मुंबई आतंकी हमले के एक बड़े सह-साजिशकर्ता तहव्वुर हुसैन राणा की गर्दन दबोच ली। अब NIA लगातार 18 दिन की कस्टडी में पूछताछ कर पाकिस्तान को बेनाकाब करने में जुटी है। उधर, जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सेना ने जैश-ए-मोहम्मद के मोस्ट वांटेड कमांडर (Jaish Commander Killed) सैफुल्लाह समेत तीन पाकिस्तानी आतंकियों को ढेर कर दिया है। ये मुठभेड़ चटरू इलाके के नायदगाम जंगलों में हुई, जो बीते कई दिनों से ऑपरेशन का केंद्र बना हुआ था।
सुरक्षाबलों की यह कार्रवाई एक लंबे अभियान (Anti Terror Operation) का हिस्सा थी, जो 9 अप्रैल से चल रही है। इस ऑपरेशन में सेना की 2, 5 और 9 पैरा यूनिट्स, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) शामिल रही। सेना ने आतंकियों को पकड़ने के लिए हेलीकॉप्टर का भी इस्तेमाल किया। कौन-कौन मुठभेड़ में ढेर? कितने बड़े इनामी? आइए जानें...

मारे गए आतंकवादियों की पहचान सैफुल्लाह (Saifullah), फरमान और बाशा के रूप में हुई है - तीनों पर 5-5 लाख रुपये का इनाम था। मुठभेड़ के बाद मौके से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक भी बरामद किए गए हैं।
वहीं दूसरी तरफ, उधमपुर और किश्तवाड़ जिलों में भी आतंकवादियों के खिलाफ एक और बड़ा ऑपरेशन चल रहा है। इन इलाकों में हाल ही में आतंकियों की गतिविधियां देखी गई थीं। बताया जा रहा है कि ये आतंकी कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर के रास्ते अंतरराष्ट्रीय सीमा से घुसपैठ कर भारत में दाखिल हुए थे।
बसंतगढ़ इलाका आतंकियों का अड्डा!
उधमपुर के बसंतगढ़ इलाके में तो आतंकवादी एक ग्रामीण के घर में घुसकर खाना खाकर और मोबाइल लेकर भाग गए। यही नहीं, 3 अप्रैल को मजालता इलाके में दो आतंकियों ने एक परिवार को बंधक बनाकर मोबाइल और खाना भी लूट लिया था। इन घटनाओं से पहले, 27 मार्च को कठुआ के सुफैन जंगल में मुठभेड़ के दौरान दो आतंकी और चार पुलिसकर्मी मारे गए थे।
इस बीच नियंत्रण रेखा (LoC) पर भी हालात तनावपूर्ण हैं। पाकिस्तानी सेना ने अखनूर के केरी बट्टल सेक्टर में सीजफायर का उल्लंघन किया, जिसमें भारतीय सेना के एक जूनियर कमीशंड ऑफिसर (JCO) कुलदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई। भारतीय सेना ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी पोस्ट्स पर फायरिंग की। सेना की तरफ से जल्द ही इस पूरे घटनाक्रम पर आधिकारिक बयान जारी किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications