कश्मीर: शोपियां में आतंकियों ने एक शख्स को मारी गोली, सेना ने की घेराबंदी
श्रीनगर, 01जून: कश्मीर घाटी में आम नागरिकों को निशाने बनाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले के राख-ए-चिद्रेन इलाके में बुधवार शाम आतंकवादियों ने एक नागरिक को गोली मार दी। जिससे वह गंभीर तौर पर घायल हो गया। शख्स की हालत स्थिर बताई जा रही है। सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है।

पुलिस ने बताया कि शोपियां के कीगाम इलाके के राख-ए-चिद्रेन के गुलाम नबी शेख के बेटे फारूक अहमद शेख को आतंकियों ने निशाना बनाया है। फारूक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि उनके पैर में चोट आई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई गई है। हमले के तुरंत बाद हमलावरों को पकड़ने के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी गई है।
हमले की सूचना के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। इससे पहले कुलगाम में आतंकियों की गोलियों का शिकार हुईं अध्यापिका रजनी बाला का सांबा के नानक चक में आज अंतिम संस्कार कर दिया गया। रजनी बाला की हत्या के बाद से घाटी और जम्मू में लोगों के बीच भारी रोष है। बुधवार को जम्मू में विभिन्न संगठनों ने टारगेट किलिंग के खिलाफ प्रदर्शन किया। वहीं, घाटी में कश्मीरी पंडितों ने सरकार को मंगलवार को ठोस फैसला लेने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।












Click it and Unblock the Notifications