Jammu-Kashmir: कांग्रेस संग गठबंधन को नेशनल कॉन्फ्रेंस ने क्या-क्या त्याग दिया? उमर अब्दुल्ला से जानें सबकुछ
Jammu-Kashmir Elections 2024: जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को बड़ा खुलासा किया। बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के साथ हुए नेशनल कॉन्फ्रेंस के गठबंधन के दौरान क्या हुआ था। उन्होंने इसपर रोशनी डाली कि गठबंधन के लिए एनसी को क्या त्यागना पड़ा।
श्रीनगर में पार्टी मुख्यालय में एक रैली को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव पूरे जम्मू-कश्मीर की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि अगर हमें अपने साथ हुई गलतियों को सुधारना है, तो इससे न केवल हमें बल्कि जम्मू-कश्मीर के हर नागरिक को फायदा होगा। हम जम्मू-कश्मीर के लिए सामूहिक रूप से यह लड़ाई लड़ रहे हैं।

अब्दुल्ला ने कहा कि इसलिए हमने कांग्रेस से हाथ मिलाया, हालांकि यह हमारे लिए आसान फैसला नहीं था, क्योंकि हमें उन सीटों का त्याग करना पड़ा, जहां हम जानते थे कि केवल नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) ही कड़ी टक्कर दे सकती है।
कांग्रेस-एनसी गठबंधन पर कही ये बात
बीजेपी के खिलाफ कांग्रेस-एनसी गठबंधन पर 54 वर्षीय नेता ने कहा कि कई सीटों पर, जैसे जम्मू, पुंछ और राजौरी के निचले इलाकों में, कांग्रेस और हम मिलकर उन शक्तियों से लड़ सकते हैं, इसलिए हमने कांग्रेस को यहां एनसी की झोली से कुछ सीटें दीं।
दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे के फार्मूले के अनुसार , नेशनल कॉन्फ्रेंस 51 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि कांग्रेस 32 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। केंद्र शासित प्रदेश की पांच सीटों पर 'दोस्ताना मुकाबला' होगा। उमर अब्दुल्ला गंदेरबल से चुनाव लड़ रहे हैं, यह वह निर्वाचन क्षेत्र है, जिसका प्रतिनिधित्व उन्होंने 2008 से 2014 तक किया था, जब वे एनसी-कांग्रेस गठबंधन सरकार के मुख्यमंत्री थे।
तीन चरणों में होंगे मतदान
जम्मू-कश्मीर विधानसभा के चुनाव 18 सितंबर, 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को तीन चरणों में होंगे। मतों की गिनती 4 अक्टूबर को होगी। 2014 के चुनावों में पीडीपी ने 28 सीटें जीती थीं, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने 25, जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस ने 15 और कांग्रेस ने 12 सीटें जीती थीं।












Click it and Unblock the Notifications