जम्मू-कश्मीर में भूस्खलन का कहर: रियासी में एक ही परिवार के 7 सदस्य की मौत, कई लोगों के दबे होने की आशंका
Jammu and Kashmir Reasi landslide: जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में शनिवार (30 अगस्त) तड़के भूस्खलन ने एक पूरे परिवार की जान ले ली। माहौर क्षेत्र में घर अचानक भूस्खलन के कारण धराशायी हो गया और सातों सदस्यों की लाशें मलबे में दब गईं। मारे गए सात लोगों में से पांच बच्चे थे, जिनकी उम्र क्रमशः 12, 10, 8, 6 और 4 वर्ष थी।
रियासी माहौर के सब-डिवीजनल पुलिस अधिकारी वकार यूनुस के मुताबिक, पूरे परिवार को मलबे में लगभग 3-4 घंटे दबा रहने के बाद सुबह निकाला गया। इस भूस्खलन के पीछे बादल फटने (क्लाउडबर्स्ट) की वजह बताई गई है। यह दर्दनाक घटना शनिवार सुबह लगभग 3 बजे हुई।

हादसे की जगह से मिल रही चिंताजनक तस्वीरों में दिख रहा है कि ग्रामीण परिवार के शवों को मलबे और मिट्टी के नीचे से बाहर निकाल रहे हैं। जिस घर में यह परिवार रह रहा था, वह रात में ही भूस्खलन और बादल फटने के कारण धराशायी हो गया था। ग्रामीणों को इसके बारे में सुबह पता चला और वे तुरंत मौके पर पहुंचे।
इसी बीच राज्य के दूसरे हिस्से में रामबन जिले के राजगढ़ क्षेत्र में क्लाउडबर्स्ट से तीन लोगों की मौत हो गई और दो लोग लापता हैं। पुलिस अधिकारी के मुताबिक यह घटना शनिवार तड़के हुई है। जांच और बचाव कार्य जारी, मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
(खबर ज्यादा जानकारी आने पर अपडेट की जाएगी)












Click it and Unblock the Notifications