जम्मू-कश्मीर: राजौरी में LoC के पास एक आतंकवादी ढेर
जम्मू-कश्मीर, जुलाई 07: घाटी में सुरक्षा बल लगातार दहशतगर्दों को मुंहतोड़ जवाब देने में लगे हुए हैं। बुधवार (7 जुलाई) को राजौरी में एलओसी के पास नौशहरा सेक्टर इलाके में एक आतंकवादी को सेना ने ढेर कर दिया। जानकारी के मुताबिक आतंकी घुसपैठ की कोशिश कर रहा था, जिसको भारतीय सेना ने ठिकाने लगा दिया। बताया जा रहा है कि एलओसी पर आतंकियों के एक ग्रुप ने जैसे ही भारतीय इलाके में घुसपैठ करने की कोशिश की वैसे ही सतर्क जवानों ने गोलियां चलाना शुरू कर दिया।

बता दें कि सेना की ओर से घाटी में लगातार आतंकियों की सफाई का अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले बुधवार (7 जुलाई) सुबह हंदवाड़ा में हुए एनकाउंटर में सुरक्षाबलों ने हिज्बुल मुजाहीद्दीन के टॉप कमांडर मेहराजुद्दीन को मार गिराया था। आतंकी मेहराजुद्दीन घाटी में कई बड़ी आतंकी घटनाओं को अंजाम देने में शामिल रहा था। पुलिस, सेना और सीआरपीएफ ने ज्वाइंट ऑपरेशन चलाकर आतंकी को ढेर कर दिया।
वहीं अब राजौरी में एलओसी के पास घुसपैठ की फिराक में आए एक आतंकी को सेना ने मौत के घाट उतार दिया। इधर सेना के जवान लगातार और आतंकियों को पकड़ने के लिए इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। सेना को जानकारी मिली है कि नौशहरा सेक्टर इलाके में मारे गए आतंकी के और साथी भी मौजूद हैं, जिनकी तलाश की जा रही हैं। आपको बता दें कि इससे पहले पुलवामा एनकाउंटर में सेना ने 3 लश्कर के आतंकियों का सफाया किया था।












Click it and Unblock the Notifications