पाक की नापाक हरकतों के बीच रेलवे का बड़ा कदम, जम्मू और उधमपुर से दिल्ली के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
Indian Railway: पहलगाम हमले के बाद भारत की ओर से आतंकियों के खात्मे के लिए ऑपरेशन सिंदूर चलाया जा रहा है। भारत की जवाबी कार्रवाई से पाकिस्तान बौखलाया हुआ है और लगातार हमारे सीमावर्ती इलाकों पर नागरिकों को निशाना बना रहा है।
दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और आवश्यक आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए जम्मू और उधमपुर से दिल्ली के बीच कई स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है।

Indian Railway: जम्मू से चलेंगी विशेष ट्रेनें
रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, ट्रेन संख्या 04612 को जम्मू से सुबह 10:45 बजे रवाना किया जाएगा। यह विशेष सेवा 12 अनारक्षित और 12 आरक्षित डिब्बों के साथ चलाई जाएगी, जिससे सामान्य और आरक्षित दोनों वर्गों के यात्रियों को यात्रा की सुविधा मिलेगी।
इस ट्रेन का उद्देश्य आपात स्थिति में फंसे यात्रियों को राजधानी तक पहुंचाना और उत्तर भारत से दिल्ली के बीच यातायात को दुरुस्त रखना है। यह निर्णय यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी और आपात स्थिति के मद्देनजर लिया गया है।
Indian Railway: उधमपुर से वंदे भारत दोपहर 12:45 बजे होगी रवाना
रेलवे ने विशेष रूप से एक 20 कोच वाली वंदे भारत ट्रेन की भी व्यवस्था की है, जो उधमपुर से दोपहर 12:45 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन जम्मू और पठानकोट के रास्ते दिल्ली पहुंचेगी, जिससे जम्मू क्षेत्र और अन्य उत्तरी जिलों की राष्ट्रीय राजधानी से कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। वंदे भारत की तेज रफ्तार और उन्नत सुविधाएं यात्रियों को राहत पहुंचाने में कारगर होंगी।
रेलवे द्वारा एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय में 22 डिब्बों वाली पूरी तरह आरक्षित एलएचबी विशेष ट्रेन की घोषणा की गई है, जो शुक्रवार शाम 7:00 बजे जम्मू से रवाना होगी। एलएचबी कोच की विशेषता इसकी उच्च गति और बेहतर सुरक्षा मानी जाती है। यह ट्रेन उन यात्रियों के लिए राहत का साधन बनेगी जो यात्रा के लिए सुरक्षित और संरक्षित विकल्प की तलाश में हैं।
Indian Railway: देश भर में रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा जांच तेज
वहीं दूसरी ओर पहलगाम आतंकी हमले के बाद से रेलवे स्टेशनों की सतर्कता बढ़ा दी गई है और रेलवे स्टेशन कै बाहर, प्लेटफॉर्म, कोच और आस-पास के क्षेत्रों की सतर्कता के साथ जांच की जा रही है। इसी सिलसिले में आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले में शुक्रवार को सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ा सुरक्षा अभियान चलाया।
रेलवे डीएसपी मुरलीधर ने बताया, "पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद आंध्र प्रदेश पुलिस महानिदेशक और गुंतकल एसआरपी के निर्देश पर यह जांच अभियान शुरू किया गया है। इसमें स्थानीय थाना प्रभारी, तीन टाउन इंस्पेक्टर, और लगभग 100 सुरक्षाकर्मी शामिल थे।"
इस सघन जांच के दौरान हर प्लेटफॉर्म, ट्रेन कोच और पार्सल कार्यालय को चेक किया गया। सुरक्षा टीम को छह हिस्सों में बांटा गया, ताकि पूरे स्टेशन परिसर को कवर किया जा सके। इसके साथ ही गुडूर, कावली, वोंगोल, चिराला और नेल्लोर के अन्य रेलवे स्टेशनों पर भी तलाशी अभियान चलाया गया। स्थानीय पुलिस ने स्टेशन के पास स्थित होटलों, लॉज और बस स्टैंड जैसी सार्वजनिक जगहों पर भी जांच की।
डीएसपी मुरलीधर ने स्पष्ट किया कि यह पूरी कार्यवाही एक एहतियाती अभ्यास है और वर्तमान में किसी प्रकार के विशेष खतरे की जानकारी नहीं है। फिर भी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications