24 घंटे के अंदर कश्मीर में सुरक्षाबलों पर दूसरा हमला, एक जवान जख्मी
श्रीनगर, 13 अगस्त: कश्मीर घाटी में लगातार आतंकी गतिविधियां बढ़ती जा रही हैं। शुक्रवार को उत्तरी कश्मीर के सोपोर जिले में आतंकियों ने सीआरपीएफ की टुकड़ी पर ग्रेनेड हमला किया। जिसमें एक जवान घायल हो गया। ये घाटी में सुरक्षाबलों पर 24 घंटे के अंदर दूसरा बड़ा हमला है। घटना के बाद मौके से आतंकी फरार हो गए। जिनकी तलाश के लिए इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक शहर में एसबीआई बैंक के पास से सीआरपीएफ की टुकड़ी गुजर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध आतंकियों ने वहां पर ग्रेनेड फेंका। पहले से सतर्क जवानों ने बचने की कोशिश की, लेकिन एक जवान को कुछ छर्रे लग गए। जिसमें वो बुरी तरह से घायल हो गया। जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना के तुरंत बाद आतंकी वहां से भाग निकले, जिस वजह से सभी नाका पार्टियों को अलर्ट कर दिया गया है।
कुलगाम में BSF काफिले पर हमला
वहीं कश्मीर के कुलगाम जिले में गुरुवार को आतंकियों ने बीएसएफ के काफिले पर हमला किया था। घटना के तुरंत बाद जवानों ने दो लश्कर आतंकियों को घेर लिया। साथ ही एनकाउंटर वाली जगह से 22 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। IGP कश्मीर विजय कुमार के मुताबिक आतंकियों ने काफिले पर इमारत से हमला किया था। इसके बाद ही उन्हें मार गिराया गया। उनके पास से रॉकेट लॉन्चर भी बरामद हुए हैं। मारा गया एक आतंकी उस्मान जैश कमांडर लंबू का करीबी था। लंबू को भी हाल ही में सेना ने मार गिराया था।












Click it and Unblock the Notifications